क्रिकेट

टी20 वर्ल्ड कप में मौका न मिलने के बाद अब इस टूर्नामेंट में खेलेंगे शुभमन गिल

पंजाब ने विजय हजारे ट्रॉफी के लिए अपने 18 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टी20 वर्ल्ड कप टीम में मौका न मिलने के बाद अब गिल इसी टूर्नामेंट में खेलते नजर आएंगे। गिल के अलावा इस टीम में अर्शदीप सिंह भी नजर आएंगे।

Image

शुभमन गिल (साभार-ICC)

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 की शुरुआत 24 दिसंबर से होगी, जिसके लिए पंजाब ने 18 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह जैसे स्टार खिलाड़ियों को स्थान दिया गया है। फिलहाल कप्तान के नाम की घोषणा नहीं हुई है। इसका सीधा मतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप में जगह बनाने में असफल रहे गिल अब इस घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलते नजर आएंगे। भारत 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के विरुद्ध वनडे और टी20 मुकाबलों की सीरीज खेलेगा। ऐसे में यह तय नहीं है कि गिल, अभिषेक और अर्शदीप की उपलब्धता कितनी होगी।

शुभमन गिल को टी20 वर्ल्ड कप 2026 और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में स्थान नहीं दिया गया है। हालांकि, अभिषेक और अर्शदीप इस टी20 टीम का हिस्सा हैं। इन तीन खिलाड़ियों के अलावा, पंजाब ने प्रभसिमरन सिंह, नमन धीर, अनमोलप्रीत सिंह, रमनदीप सिंह, सनवीर सिंह और हरप्रीत बरार सहित पावर-हिटर और ऑलराउंडर्स का एक मजबूत ग्रुप चुना है। गुरनूर बरार और कृष भगत तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान संभालेंगे।

पंजाब को पिछले सीजन के क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। यह टीम अपने सभी लीग मैच जयपुर में खेलेगी। यह टीम 24 दिसंबर को महाराष्ट्र से भिड़ेगी, जिसके बाद 26 दिसंबर को अगले मुकाबले में उसके सामने छत्तीसगढ़ की टीम होगी। 29 दिसंबर को पंजाब का सामना उत्तराखंड से होगा, जबकि 31 दिसंबर को यह टीम हिमाचल प्रदेश का सामना करेगी। अगले साल 3 जनवरी को पंजाब का सामना सिक्किम से होगा, जबकि 6 जनवरी को यह टीम गोवा से भिड़ेगी। 8 जनवरी को मुंबई की टीम से उसका सामना होगा। पंजाब की टीम अपने सभी 7 लीग मैच जयपुर में खेलेगी। पंजाब को पिछले सीजन क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। अर्शदीप 2024-25 सीजन में उनके सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे।

विजय हजारे ट्रॉफी के लिए पंजाब की टीम: शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), हरनूर पन्नू, अनमोलप्रीत सिंह, उदय सहारन, नमन धीर, सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), सनवीर सिंह, रमनदीप सिंह, जशनप्रीत सिंह, गुरनूर बरार, हरप्रीत बरार, रघु शर्मा, कृष भगत, गौरव चौधरी, सुखदीप बाजवा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article