क्रिकेट

IND vs SA 2nd Test: गुवाहाटी पहुंचते ही टीम इंडिया के लिए आई बुरी खबर, बाहर हुए कप्तान शुभमन गिल

कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट के दूसरे दिन बल्लेबाजी करते हुए घायल होने वाले टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल गुवाहाटी में खेले जाने वाले सीरीज के दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। जानिए कौन लेगा टीम में उनकी जगह और गुवाहाटी में कौन संभालेगा टीम की कमान?

Image

भारतीय क्रिकेट टीम

Photo : AP

गुवाहाटी: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच गुवाहाटी में 22 नवंबर से गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट खेला जाना है। कोलकाता में 30 के करीबी अंतर से हार के बाद टीम इंडिया सीरीज में 0-1 से पीछे चल रही है। बुधवार को टीम इंडिया के गुवाहाटी पहुंचते ही एक बुरी खबर टीम के खेमे से बुरी खबर आई है। कोलकाता टेस्ट में बल्लेबाजी करते हुए घायल होने वाले कप्तान शुभमन गिल दूसरे टेस्ट में नहीं खेलेंगे। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक गिल गुवाहाटी टेस्ट से बाहर हो गए हैं और ऋषभ पंत दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया की कप्तानी करते नजर आएंगे। भारत की वनडे और टी20 टीम की कमान संभाल चुके पंत पहली बार टेस्ट क्रिकेट में कप्तानी करते नजर आएंगे। गिल के बाहर होने के बाद प्लेइंग-11 में उनकी जगह साई सुदर्शन ले सकते हैं। बीसीसीआई ने हालांकि अबतक आधिकारिक तौर पर गिल के बाहर होने का ऐलान नहीं किया है।

मैच फिट होने में गिल को लगेंगे 10 दिन

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, शुभमन गिल को पूरी तरह से ठीक होने और मैच फिट होने के लिए रिहैबिलिटेशन पूरा करने में कम से कम 10 दिन लगेंगे। चयनकर्ताओं के लिए तार्किक कदम यही होगा कि उन्हें 30 नवंबर से रांची में शुरू होने वाली वनडे सीरीज से आराम दिया जाए। सीरीज़ में ज्यादा कुछ दांव पर नहीं लगा है, इसलिए वह आसानी से ब्रेक लेकर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में वापसी कर सकते हैं।

कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन हुए थे गिल चोटिल

शुभमन गिल को कोलकाता में पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में बल्लेबाजी करते समय गर्दन में चोट लग गई थी और वह न तो दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में क्षेत्ररक्षण के लिए उतरे और न ही उन्होंने जीत के लिए 124 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की दूसरी पारी में बल्लेबाजी की। चोटिल होने के बाद उन्हें कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां डॉक्टरों ने उनकी निगरानी की और अगले दिन उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बुधवार को बीसीसीआई द्वारा जारी प्रेस रिलीज में कहा गया था कि शुभमन गिल टीम के साथ गुवाहाटी जाएंगे और बीसीसीआई की मेडिकल टीम उसकी निगरानी करेगी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article