क्रिकेट

शुभमन गिल ने बताया कैसे बना रहे हैं कप्तानी और बल्लेबाज की भूमिका के बीच संतुलन

शुभमन गिल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के आगाज से पहले बताया है कि वो कप्तान और बल्लेबाज की भूमिका के बीच कैसे बना रहे हैं संतुलन?

Image

शुभमन गिल

Photo : AP

कोलकाता: तीन प्रारूपों में खेलने और उनमें से दो में भारत का नेतृत्व करने वाले शुभमन गिल का कहना है कि वह अब भी कप्तानी और बल्लेबाजी के दोहरे दबाव में संतुलन बनाना सीख रहे हैं। रोहित शर्मा से कप्तानी की जिम्मेदारी संभालते हुए 26 वर्षीय गिल ने अपनी पहली ही टेस्ट श्रृंखला में मिसाल कायम करते हुए शानदार बल्लेबाजी की और उनकी अगुआई में भारत की युवा टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैच की श्रृंखला को 2-2 से ड्रॉ कराया।

बल्लेबाजी के दौरान केवल बल्लेबाज के रूप में सोचता हूं

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट से पूर्व गिल ने कहा,'अपनी तैयारी में मैं मुख्य रूप से इस बात पर ध्यान केंद्रित करता हूं कि मैं एक बल्लेबाज के रूप में कैसे सफल हो सकता हूं। मैदान पर कप्तानी करते समय मैं अपनी सहज प्रवृत्ति को हावी होते देखना पसंद करता हूं। तभी मैं टीम के लिए सर्वोत्तम रणनीतिक निर्णय लेता हूं।' यह एक सचेत प्रयास है कि जब मैं बल्लेबाजी कर रहा होता हूं तो मैं केवल एक बल्लेबाज के रूप में सोचता हूं- कप्तान के रूप में नहीं। कभी-कभी अगर आप एक कप्तान के रूप में बहुत अधिक सोचते हैं तो आप खुद पर बहुत अधिक दबाव डाल लेते हैं और छोटे जोखिम लेने से बचते हैं जो आपको ‘एक्स-फैक्टर’ देते हैं। इसी तरह मैं अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी में संतुलन बनाता हूं।'

इंग्लैंड दौरे पर गिल ने बतौर बल्लेबाज मचाया था धमाल

इंग्लैंड दौरे पर गिल ने 10 पारियों में तीन शतक और एक दोहरे शतक की मदद से 754 रन बनाए जो किसी टेस्ट श्रृंखला में किसी भारतीय द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। उनसे आगे केवल सुनील गावस्कर हैं जिन्होंने 1971 में 774 रन बनाए थे। वह गावस्कर और यशस्वी जायसवाल (712 बनाम इंग्लैंड, 2023-24) के बाद एक श्रृंखला में 700 रन पार करने वाले तीसरे भारतीय भी बने।

गलत था वेस्टइंडीज को फॉलोऑन देने का फैसला

टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले गिल की सीमित ओवरों के प्रारूप में फॉर्म में गिरावट आई है और उन्होंने तीन एकदिवसीय और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पिछली आठ पारियों में कोई अर्धशतक नहीं बनाया है। कप्तान के रूप में गिल ने अपनी शुरुआती सीखों पर भी विचार किया जिसमें इस साल की शुरुआत में वेस्टइंडीज के खिलाफ फॉलोऑन देने का उनका फैसला भी शामिल है जिसे अब वह मानते हैं कि यह एक गलत फैसला था। उन्होंने कहा,'पीछे मुड़कर देखें तो 80-90 ओवर गेंदबाजी करने और फॉलोऑन देने के बाद मुझे लगता है कि यह हमारे गेंदबाजों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण था। विकेट से स्पिनरों को अधिक मदद नहीं मिल रही थी और जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ा यह धीमा होता गया। कुल मिलाकर हमने एक बार में लगभग 200 ओवर क्षेत्ररक्षण किया। स्वाभाविक रूप से गेंदबाज थक गए और स्पिनरों की गति थोड़ी कम हो गई।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article