क्रिकेट

Shubman Gill Catch Video: अद्भुत-अद्भुतम् गिल, शुभमन ने हवा में छलांग लगाकर एक हाथ से लपका कैच; फैंस का दिल हुआ गार्डन-गार्डन

Shubman Gill Catch Video: श्रीलंका के खिलाफ गॉल में पहले टेस्ट मैच में भारत मजबूत स्थिति में है। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 462 रन का विशाल स्कोर बनाया। इसके बाद गेंदबाजों ने पहले सत्र में विकेट चटका कर मेजबान को बैकफुट पर धकेल दिया। वहीं, कप्तान गिल ने उम्दा फील्डिंग करते एक उदाहरण सेट किया।

Image

शुभमन गिल ने लपका अद्भुत कैच। फोटो- स्क्रीन ग्रैब

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Shubman Gill Catch Video: श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने उम्दा कैच लपककर फैंस को हैरान कर दिया। उनकी फील्डिंग देखकर स्टेडियम में बैठे क्रिकेट फैंस ने दांतो तले उंगलियां दबा ली और गिल के कैच की जमकर सराहाना की। इसका वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो क्रिकेट प्रेमियों का दिल गार्डन-गार्डन हो गया।

यह अद्भुत नजारा श्रीलंका की पारी के 17वें ओवर में दिखा। सिराज और मानव सुथार ने शुरुआती विकेट लेकर श्रीलंका पर दवाब बना दिया था। ऐसे में कुलदीप यादव ने अपनी फिरकी से श्रीलंकाई बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। 17वें ओवर की पहली गेंद पर कुलदीप ने कमिंदु मेंडिस को ऑफ स्टंप पर फ्लाइटेड गेंद की। मेंडिस आगे निकलकर आए और गेंद को एक्स्ट्रा कवर की तरफ ड्राइव किया।

हवा में लगाई छलांग

वहीं, खड़े कप्तान गिल ने अपनी बाईं ओवर हवा में छलांग लगाई और बाएं हाथ से शानदार कैच लपका। मेंडिस को उम्मीद नहीं थी कि यह हाथ में जाएगा। श्रीलंकाई फैंस हैरानी से देखते रह गए। वहीं, कुलदीप यादव और पूरी भारतीय टीम जश्न में डूब गई। गिल ने लाजवाब अंदाज में डाइव लगाते हुए कैच लपका। कुलदीप को पहली सफलता मिली और मेजबान को चौथा झटका लगा। गिल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और उनकी हर कोई तारीफ कर रहा है।

भारत ने बनाए 462 रन

टॉस जीतकर शुभमन गिल ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। देवदत्त पडिक्कल की 167 रन की पारी की बदौलत मेहमान टीम ने 462 रन बनाए। केएल राहुल (82) और ध्रुव जुरेल (51) ने भी कीमती पारियां खेलीं, जिससे भारत 400 रन के आंकड़े को पार कर गया। श्रीलंका के लिए प्रभात जयसूर्या ने चार विकेट लिए, जबकि केशरा नुवांथा ने तीन विकेट लिए। भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए।

WTC की दावेदारी दांव पर

यह टेस्ट सीरीज भारत के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इस सीरीज के रिजल्ट से WTC फाइनल की दावेदारी का पता चलेगा। क्योंकि भारत को WTC फाइनल खेलने के लिए 9 मैच में से 7 जीतने हैं। अगले 7 मुकाबले न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने हैं। दो मुकाबले न्यूजीलैंड और पांच टेस्ट मैच की सीरीज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जानी है।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article