क्रिकेट

IND vs ENG: इंग्लैंड में ये कारनामा करने वाले दूसरे भारतीय कप्तान बने शुभमन गिल, इतिहास रचने का भी है मौका

Shubman Gill Back to Back Century against England: शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम टेस्ट के दूसरे दिन 150 रन के आंकड़े को पार कर लिया और इंग्लिश सरजमीं पर मोहम्मद अजहरुद्दीन के बाद ये कारनामा करने वाले दूसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं।

Image

शुभमन गिल

Photo : AP

Shubman Gill First 150+ Score in Test: टीम इंडिया के नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने कप्तानी करियर की इंग्लैंड के खिलाफ धमाकेदार शुरुआत की है। लीड्स में बतौर कप्तान पहले टेस्ट में गिल ने 147 रन की शतकीय पारी खेली। इसके बाद उन्होंने अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए बर्मिंघम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में भी शतक जड़ दिया। इसके बाद उन्होंने अपनी शतकीय पारी और बड़ा करते हुए 150 रन के आंकड़े को पार कर दिया।

263 गेंद में पूरे किए 150 रन

गिल इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 199 गेंद में 11 चौके की मदद से शतक पूरा किया। पहले दिन गिल 114 रन बनाकर नाबाद पवेलियन वापस लौटे। गुरुवार को उन्होंने अपनी पारी को आगे बढ़ाया और सधे हुए अंदाज में 263 गेंद में 150 रन के आंकड़े को पार कर लिया। इस दौरान गिल ने 17 चौके जड़े। पहली बार टेस्ट करियर में गिल 150 रन बनाने में सफल हुए हैं। ये टेस्ट क्रिकेट में उनका नया टॉप स्कोर भी है।

अजहर के साथ स्पेशल क्लब में हुए शामिल

गिल इंग्लैंड की धरती पर टेस्ट में 150 रन से ज्यादा की पारी खेलने वाले मोहम्मद अजहरुद्दीन के बाद दूसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं। अजहरुद्दीन ने साल 1990 में टीम इंडिया की कमान संभालते हुए मैनचेस्टर टेस्ट में 179 रन की पारी खेली थी।

दोहरा शतक जड़ने वाला पहला कप्तान बनने का मौका

खबर लिखे जाने तक गिल 164* रन बनाकर खेल रहे हैं। उनके पास इंग्लैंड की दोहरा शतक जड़ने वाला पहला भारतीय कप्तान बनने का शानदार मौका है। भारत के 93 साल के टेस्ट क्रिकेट इतिहास में कोई भारतीय कप्तान ये कारनामा नहीं कर सका है।

जडेजा के साथ की 203 रन की साझेदारी

मुश्किल परिस्थिति में दिख रही टीम इंडिया को शुभमन गिल ने रवींद्र जडेजा के साथ संभाला और छठे विकेट के लिए 279 गेंद में 203 रन की साझेदारी करके 414 रन तक पहुंचाया। 211 के स्कोर पर भारत ने पांच विकेट गंवा दिए थे। लेकिन गिल ने कप्तानी पारी खेली और टीम को जडेजा के साथ मिलकर मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

Navin Chauhan
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article