क्रिकेट

PBKS vs RR: 6 मैच जीतने के बाद पहली बार हारी पंजाब किंग्स, अय्यर ने बताया कहां हुई चूक

आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स को पहली हार का सामना करना पड़ा। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में पंजाब को सीजन की पहली हार मिली। इस जीत के हीरो रहे डोनोवन फरेरा जिन्होंने 52 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली।

Image

श्रेयस अय्यर (साभार-X)

पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने इंडियन प्रीमियर लीग में मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मौजूदा सत्र की पहली हार मिलने के बाद कहा कि उनके गेंदबाज योजनाओं को सही तरह से लागू नहीं कर पाए। पंजाब के 223 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल्स ने सलामी बल्लेबाजों यशस्वी जायसवाल (51 रन, 27 गेंद, सात चौके, एक छक्का) और वैभव सूर्यवंशी (43 रन, 16 गेंद, पांच छक्के, तीन चौके) की तूफानी पारियों के बाद डोनोवन फरेरा (नाबाद 52 रन, 26 गेंद, छह चौके, तीन छक्के) और शुभम दुबे (नाबाद 31 रन, 12 गेंद, तीन चौके, दो छक्के) के बीच पांचवें विकेट की 32 गेंद में 77 रन की अटूट साझेदारी से 19.2 ओवर में चार विकेट पर 228 रन बनाकर जीत दर्ज की।

पंजाब किंग्स ने मार्कस स्टोइनिस (नाबाद 62, 22 गेंद, छह छक्के, चार चौके) के ताबड़तोड़ अर्धशतक और सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन (59 रन, 44 गेंद, छह चौके, एक छक्का) के जुझारू अर्धशतक से चार विकेट पर 222 रन बनाए थे। अय्यर ने मैच के बाद कहा, ’’224 का स्कोर शानदार था और बल्लेबाजों को इसका श्रेय जाता है। इस पिच पर यह एक असाधारण प्रदर्शन था जो कि थोड़ी धीमी थी। गेंदबाजी के मामले में हम योजनाओं को अच्छी तरह से लागू नहीं कर पाए।’’

अय्यर ने विरोधी टीम के बल्लेबाजों फरेरा और दुबे की भी तारीफ की।

उन्होंने कहा, ’’बीच के ओवरों में उनकी साझेदारी जबरदस्त रही। फरेरा और दुबे ने आखिर में वे अहम रन बनाए। यह ऐसा प्रारूप है जिसमें कई खिलाड़ियों ने अपना खेल बदल लिया है और वे पहली ही गेंद से आक्रामक हो जाते हैं। आखिर में मुझे लगता है कि यह सब रणनीति को सही तरीके से लागू करने के बारे में है।’’

अय्यर ने कहा, ’’आज का दिन हमारा नहीं था। यह जरूरी है कि हम उन चीजों पर टिके रहें जो हम शुरू से करते आ रहे हैं और जिनका पालन कर रहे हैं। थोड़ी थकान है लेकिन यहां यह कोई बहाना नहीं हो सकता। हमारे पास कुछ दिन हैं जिनमें हम अपनी रणनीति पर फिर से काम कर सकते हैं और (और भी मजबूत होकर) वापसी कर सकते हैं। यह हमारी पहली हार है और यह निश्चित रूप से आपको बहुत कुछ सिखाती है।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article