क्रिकेट

पहले ही असाइनमेंट में फेल हुए 'सरपंच साहब' हार के बाद इसे बताया जिम्मेदार

आयरलैंड के खिलाफ सीरीज गंवाने के बाद भारतीय कप्तान अय्यर ने प्रतिक्रिया दी। पहला मुकाबला गंवाने के बाद आयरलैंड ने दूसरा मुकाबला भी 1 रन से जीत लिया। यह पहला मौका है जब आयरलैंड ने भारत को हराया है।

Image

श्रेयस अय्यर (साभार-X)

भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने पिच को बखूबी भांपने और रणनीति पर सटीक अमल करने के लिये आयरलैंड की तारीफ की जिसने भारत पर टी20 श्रृंखला में 2-0 से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। पहले मैच में 34 रन से जीत के बाद आयरलैंड ने रविवार को दूसरा मैच भी एक रन से जीतकर, 2 मैच की टी20 सीरीज में दुनिया की नंबर वन टीम का सूपड़ा साफ कर दिया। रविवार को खेले गए मुकाबले में एकबार फिर से अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और फिर टीम चेज करने में लगातार दूसरी बार फेल रही। आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हैरी टेक्टर के 53 रन और बैंजामिन कैलिट्स के 37 रन की पारी के दम पर 8 विकेट के नुकसान पर 154 रन का स्कोर खड़ा किया।

155 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत एक बार फिर अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन गोल्डन डक का शिकार हुए। भारत की ओर से तिलक वर्मा ने 55 और आखिर में हर्षित राणा ने 21 रन की पारी खेली। इन दोनों की पारी के दम पर भारतीय टीम 9 विकेट के नुकसान पर 153 रन ही बना पाई।

मैच के बाद नये कप्तान अय्यर ने मैच के बाद कहा ,’’ अच्छी श्रृंखला नहीं रही लेकिन आयरलैंड की तारीफ करनी होगी । उन्हें पता था कि विकेट कैसा होगा और उन्होंने रणनीति पर बखूबी अमल किया। टी20 में पदार्पण करने पर तीन विकेट लेने वाले प्रिंस यादव की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा ,’’ उसे आईपीएल का काफी अनुभव है । गेंदबाजी में उसके अपने विचार और योजना होती है। सूर्यांश ने भी अच्छा खेला।’’ आयरलैंड के कप्तान लोरकान टकर ने कहा ,’’ मुझे यकीन ही नहीं हो रहा। मैने खिलाड़ियों से कहा था कि हमें साबित करना है कि पहले मैच की जीत तुक्का नहीं थी और उन्होंने यह मैच भी जीतकर वही किया । हमने दिखा दिया कि क्रिकेट सरल भी हो सकता है, उसे पेचीदा बनाने की जरूरत नहीं है।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article