स्पोर्ट्स

Asian Champions Trophy Hockey: सेमीफाइनल में मलेशिया के सामने जीत की प्रबल दावेदार होगी भारतीय महिला हॉकी टीम

India vs Malaysia, Asian Women's Champions Trophy Hockey Semi-Final: भारतीय टीम महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में मलेशिया के खिलाफ शुक्रवार को यहां होने वाले सेमीफाइनल में अपना दबदबा कायम रखते हुए खिताबी हैट्रिक पूरी करने के एक कदम और करीब पहुंचने की कोशिश करेगी।

Image

एशियन महिला चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी सेमीफाइनल में भारत बनाम मलेशिया (X/Hockey India)

अब तक शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में मलेशिया के खिलाफ शुक्रवार को यहां होने वाले सेमीफाइनल में अपना दबदबा कायम रखते हुए खिताबी हैट्रिक पूरी करने के एक कदम और करीब पहुंचने की कोशिश करेगी। भारत ने लीग चरण के पांचों मैच जीते हैं और वह कुल मिलाकर 14 मैचों से अजेय है। अपने इस शानदार प्रदर्शन ने वह विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंचने में भी सफल रही है।

सेमीफाइनल में भारतीय टीम प्रबल दावेदार के रूप में उतरेगी। उसने राउंड-रॉबिन मुकाबले में मलेशिया को 4-1 से हराया था। इसके अलावा भारत ने थाईलैंड को 7-0, जापान को 4-0 से, दक्षिण कोरिया पर 2-1 से और चीन को 6-2 से पराजित किया था। दीपिका सहरावत, लालरेम्सियामी, नेहा, कप्तान सलीमा टेटे, मुमताज खान और पूजा साहू ने अब तक अपने खेल से प्रभावित किया है। अनुभवी फॉरवर्ड नवनीत कौर ने भी गोल करने के अवसर पैदा करने की अपनी क्षमता का अच्छा नमूना पेश किया है जबकि बलजीत कौर ने बायें छोर पर आक्रमण को अच्छी तरह से संभाला है।

दीपिका का प्रदर्शन विशेष रूप से प्रभावशाली रहा है। उन्होंने पांच मैचों में आठ गोल किए हैं जो टूर्नामेंट में किसी भी खिलाड़ी के सर्वाधिक गोल हैं। उन्होंने सात गोल पेनल्टी कॉर्नर और एक मैदानी गोल किया है। मुमताज और लालरेम्सियामी ने तीन-तीन गोल किए हैं। भारत की मध्य पंक्ति में नेहा और सलीमा ने अच्छा खेल दिखाया है जिसमें उन्हें साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, रुतुजा और बलजीत का अच्छा सहयोग मिला है। रक्षापंक्ति में निक्की प्रधान, ज्योति, सुशीला चानू, ज्योति सिंह और लालथंटलुआंगी ने भी अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है।

अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया की अनुपस्थिति में बिचु देवी खारिबाम और बंसारी सोलंकी ने गोलकीपिंग की जिम्मेदारी अच्छी तरह से साझा की है। सविता को इस टूर्नामेंट से विश्राम दिया गया है। भारत का लक्ष्य लगातार तीन एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी खिताब जीतने वाली पहली टीम बनना है। उसने 2023 और 2024 में क्रमशः रांची और राजगीर में ट्रॉफी जीती थी।

इस साल फरवरी में पद संभालने वाले मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने स्वीकार किया कि उन्होंने विश्व रैंकिंग में भारत के इतनी तेजी से चौथे स्थान पर पहुंचने की उम्मीद नहीं की थी। उन्होंने कहा, "आम तौर पर मैं इतनी दूर (रैंकिंग में चौथे स्थान पर पहुंचना) की नहीं सोचता। लेकिन यह बहुत ही शानदार है कि आप अब विश्व में चौथे नंबर पर हैं। पांचवां स्थान भी अच्छा था, लेकिन अब विश्व की बड़ी टीमों में शामिल होना बड़ी उपलब्धि है। यह वाकई अद्भुत है।"

मारिन ने कहा, "हम लगातार शीर्ष टीम की तरह खेल रहे हैं। हमने अपनी तैयारी में अच्छा अनुशासन दिखाया है। भले ही हम कुछ कमजोर टीमों के खिलाफ खेल रहे हों। लेकिन हमें अनुशासित रहना होगा और लक्ष्य को ध्यान में रखकर खेलना जारी रखना होगा। मुझे टीम की यही बात सबसे अच्छी लगती है।"

मलेशिया ने अपने अंतिम राउंड-रॉबिन मैच में थाईलैंड पर 4-0 से जीत हासिल करके सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। उस मैच में दो-दो गोल करने वाली नुरमिराह जुल्किफली और नूर अजहर उन खिलाड़ियों में शामिल होंगी जिन पर भारत को नजर रखने की जरूरत है। पहले सेमीफाइनल में जापान का सामना मौजूदा ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन से होगा।

भारतीय टीम: गोलकीपर: बंसारी सोलंकी, बिचू देवी खारीबाम। डिफेंडर: निक्की प्रधान, ज्योति, ज्योति सिंह, सुशीला चानू, लालथंटलुआंगी, पूजा साहू। मिडफील्डर: रुतुजा दादासो पिसल, सुनेलिता टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, साक्षी राणा, बलजीत कौर, इशिका। फॉरवर्ड: नवनीत कौर, दीपिका, ब्यूटी डुंगडुंग, लालरेम्सियामी, मुमताज खान।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article