Shreyas Iyer Captaincy: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी श्रेयस अय्यर ने एक बार फिर साबित किया कि वह दबाव में भी शानदार प्रदर्शन करने की क्षमता रखते हैं। पिछले साल कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को आईपीएल खिताब दिलाने और इस साल पंजाब किंग्स (PBKS) को फाइनल तक पहुंचाने वाले अय्यर ने कप्तानी को अपनी सफलता का मूल मंत्र बताया। हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए उन्हें टीम इंडिया में जगह नहीं मिली, लेकिन उनका आत्मविश्वास कम नहीं हुआ है।
"कप्तानी से आती है परिपक्वता और जिम्मेदारी"
T20 मुंबई लीग के सेमीफाइनल में सोबो मुंबई फाल्कंस को जिताने के बाद अय्यर ने कहा, "कप्तानी से काफी परिपक्वता और जिम्मेदारी आती है। आपसे हमेशा अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जाती है, और आप टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ योगदान देना चाहते हैं। किसी भी विषम परिस्थिति में टीम कप्तान के पास ही आती है।"उन्होंने आगे कहा, "मैं 22 साल की उम्र से कप्तानी कर रहा हूं और मुझे इसमें मजा आता है। मैं दबाव को चुनौती के रूप में लेता हूं और अपना बेस्ट देने की कोशिश करता हूं।"
"दर्शकों की जुबां पर चाहता हूं अपना नाम!"
अय्यर ने बताया कि वह हमेशा "प्रेजेंट माइंडसेट" में रहकर खेलते हैं। उन्होंने कहा, "मैं अपने जोन में रहने की कोशिश करता हूं। पूरा फोकस बनाए रखता हूं और हालात के अनुसार प्रदर्शन करता हूं। मैं खुद से कहता हूं कि मैं चाहता हूं कि दर्शकों की जुबां पर मेरा नाम हो, और यही मेरी प्रेरणा है।"
पुराने साथियों के साथ खेलने का मजा
अय्यर ने T20 मुंबई लीग में अपने पुराने साथियों के साथ खेलने के अनुभव को याद किया। उन्होंने कहा, "ड्रेसिंग रूम में कई जाने-पहचाने चेहरे हैं। मैंने क्लब क्रिकेट, स्कूल और कॉलेज में इनके साथ खेला है। अब यहां इनके साथ खेलकर बहुत अच्छा लग रहा है।"
