क्रिकेट

शिखर धवन ने किया रोहित और विराट के 2027 के वनडे विश्व कप में खेलने का समर्थन, मुश्किल वक्त में बल्ले से जवाब देते हैं हिटमैन

शिखर धवन ने विराट कोहली और रोहित शर्मा को साल 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप के लिए भारतीय टीम में बनाए रखने का समर्थन किया है।

Image

विराट कोहली और रोहित शर्मा (फोटो क्रेडिट AI Generated)

नई दिल्ली: टीम इंडिया के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज शिखर धवन को भरोसा है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी का भारतीय टीम को साल 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप में बहुत फायदा मिलेगा। धवन ने दोनों खिलाड़ियों को विश्व कप के लिए भारतीय टीम में बनाए रखने का समर्थन किया है। इंग्लैंड दौरे पर विराट कोहली और रोहित शर्मा ने वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम को भले ही सीरीज में 1-2 के अंतर से हार का सामना करना पड़ा लेकिन दोनों धाकड़ खिलाड़ी शानदार लय में नजर आए।

रो-को को विश्व कप में खेलने से कोई नहीं रोक सकता

विराट और रोहित के खिलाड़ियों के वनडे टीम में भविष्य को लेकर चर्चा पिछले कुछ महीनों से जोरों पर है। लॉर्ड्स में खेले गए सीरीज के आखिरी वनडे मुकाबले में तो चर्चा रोहित के संन्यास के ऐलान के कगार तक पहुंच गई थी लेकिन हिटमैन ने 138 रन की आतिशी पारी खेलकर सारी अटकलों पर विराम लगा दिया। इंग्लैंड दौरे के बाद तो दोनों के वनडे क्रिकेट के भविष्य के सवाल पर छाई धुंध अब पूरी तरह हट गई है। चोट या कोई अनहोनी घटना ही रो-को को 2027 के विश्व कप में शिरकत करने से रोक सकती है।

मुश्किल वक्त में बल्ले से जवाब देते हैं रोहित, विराट हैं लाजवाब

शिखर धवन ने शुक्रवार को नई दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान विराट और रोहित के बारे में कहा, दोनों महान खिलाड़ी हैं। विराट हो या रोहित दोनों के साथ मेरे पिछले 16 साल से अच्छे संबंध रहे हैं। दोनों मुझसे 2-3 साल छोटे हैं। ये खुशी की बात है कि दोनों विश्व कप की तैयारी में जुटे हैं। रोहित ने हाल की में लॉर्ड्स में शतक जड़कर ये बता दिया था कि उनका बल्ला कैसे बोलता है। ऐसा प्रदर्शन वो पिछले कई साल से कर रहे हैं, लेकिन जब मुश्किल दौर आता है तो वो उसका जवाब बल्ले से देते हैं। धवन ने आगे कहा, जहां तक विराट की बात है उनकी जितनी प्रशंसा की जाए उतनी कम है। खुद को फिट रखते हुए वो शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। मुझे पूरा यकीन है कि दोनों खिलाड़ी विश्व कप में भारतीय टीम के लिए बहुत मददगार साबित होंगे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article