क्रिकेट

शाकिब अल हसन ने रचा इतिहास, बने टी20 विश्व कप में विकेटों का अर्धशतक जड़ने वाले पहले गेंदबाज

बांग्लादेश के धाकड़ ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने शनिवार को टीम इंडिया के खिलाफ मुकाबले में एक विकेट चटकाकर अपने नाम टी20 विश्व कप में 50 विकेट पूरे कर लिए। वो इस मुकाम पर पहुंचने वाले पहले गेंदबाज हैं।

Image

शाकिब अल हसन

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • शाकिब अल हसन ने टी20 विश्व कप में पूरे किए 50 विकेट
  • बने इस मुकाम पर पहुंचने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज
  • रोहित शर्मा बने शाकिब अल हसन का 50वां शिकार

बांग्लादेश के पूर्व कप्तान और धाकड़ ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने शनिवार को भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना नाम टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज करा लिया। रिकॉर्ड नौवीं बार टी20 विश्व कप में शिरकत कर रहे शाकिब अल हसन ने भारत के खिलाफ मुकाबले में गेंदबाजी करते हुए रोहित शर्मा का विकेट हासिल किया।

रोहित बने शाकिब का विश्व कप में 50वां शिकार

रोहित शर्मा का विकेट अपने नाम करते ही शाकिब अल हसन टी20 विश्व कप इतिहास में 50 विकेट चटकाने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। शाकिब ने ये उपलब्धि टी20 विश्व कप में अपना 42वां मुकाबला खेलते हुए हासिल की। शाकिब के खाते में 42 मैच की 40 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 50 विकेट हो गए हैं। विकेटों का पचासा शाकिब ने 19.74 के औसत और 6.92 की इकोनॉमी के साथ पूरा किया है। 9 रन देकर 4 विकेट उनका टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।

दिनेश रामदीन बने थे टी20 विश्व कप में पहला शिकार

शाकिब ने साल 2007 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 विश्व कप में अपना पहला मैच खेला था। पहले ही मैच में शाकिब ने 4 ओवर में 34 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए थे। विंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश रामदीन शाकिब का टी20 विश्व कप में पहला शिकार बने थे। अब 17 साल बाद रोहित शर्मा उनका टी20 विश्व कप का 50वां शिकार बने हैं।

गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी किया धमाल

शाकिब संभवत: करियर का नौवां और संभवत: आखिरी टी20 विश्व कप खेल रहे हैं। गेंद के साथ-साथ शाकिब ने बल्ले से भी धमाल मचाया है। टी20 विश्व कप में खेले 42 मैच की 42 पारियों में 6 बार नाबाद रहते हुए 853 रन 120.31 के स्ट्राइक रेट और 23.69 के औसत से बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 84 रन रहा है। उन्होंने कुल चार अर्धशतक टी20 विश्व कप में जड़े हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article