क्रिकेट

गलती से शाहीन बन गया T20I का कप्तान, अफरीदी ने सुझाया सही नाम

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफऱीदी ने पाकिस्तान के टी20 कप्तानी को लेकर बड़ा बयान दिया है। आपको बता दें कि बाबार आजम द्वारा कप्तानी छोड़ने के बाद क्रिकेट के इस फॉर्मेट में टीम की कमान शाहीन शाह अफरीदी को दी गई थी।

Image

शाहीन शाह अफरीदी (साभार-Twitter)

वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन के बाद बाबर आजम ने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट से कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया था। इसके कुछ दिन बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टेस्ट में शान मसूद और T20I में युवा स्टार शाहीन शाह अफरीदी को टीम की कमान सौंप दी थी। लेकिन अब इसको लेकर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने बड़ा बयान दिया है।

दरअसल T20I में पाकिस्तान के कप्तान के तौर पर अफरीदी को शाहीन का कप्तान बनाया जाना कुछ खास पसंद नहीं और वह विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को टी20 कप्तान के तौर पर आइडियल कैंडिडेट मानते हैं।

जियो टीवी में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा ' “मैं रिज़वान की] कड़ी मेहनत और फोकस लेवल की प्रशंसा करता हूं। उनकी सबसे खास बात यह है कि वह अपने गेम को लेकर फोकस हैं और कौन क्या कर रहा है इस पर ध्यान नहीं देते। उन्होंने आगे कहा, "मैं उन्हें (रिजवान) टी20 कप्तान के रूप में देखना चाहता हूं लेकिन गलती से शाहीन कप्तान बन गए।"

पाकिस्तान इस समय ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज खेल रहा है। ऑस्ट्रेलिया तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला में 2-0 से आगे है और पाकिस्तान ऑस्ट्रेलिया में लगातार 16 टेस्ट हार चुका है। सीरीज का तीसरा और आखिरी टेस्ट 3 जनवरी से सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। हालांकि, दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी से सबको खासा प्रभावित किया। अगर वह अपनी फील्डिंग में गलती न करती तो टेस्ट सीरीज में बराबरी कर सकती थी।

मोहम्मद रिजवान का T20I करियर

मोहम्मद रिजवान का T20I करियर शानदार रहा है। 85 मैच में उन्होंने 49.07 की औसत और 127.31 की स्ट्राइक रेट से 2,797 रन बनाए हैं, जिसमें उन्होंने 1 शतक और 25 अर्धशतक लगाए हैं। रिजवान पिछले कुछ सालों में पाकिस्तान के सबसे कंसिसटेंट खिलाड़ियों में से एक रहे हैं।

End of Article