क्रिकेट

पहली बार कप्तानी पर बोले शाहीन अफरीदी, मोहम्मद रिजवान को किया था रिप्लेस

वनडे में पाकिस्तान के नए कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने पहली बार कप्तानी को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया कि कैसे कप्तानी स्वीकार करने से पहले उनकी और रिजवान की बात हुई थी। उन्होंने अपनी कप्तानी की धमाकेदार शुरुआत की और सीरीज अपने नाम किया।

Image

शाहीन अफरीदी (साभार-Instagram Afridi)

पाकिस्तान के वनडे कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने दावा किया है कि उन्होंने कप्तानी तभी स्वीकार की जब उनके पूर्ववर्ती मोहम्मद रिजवान ने उन्हें यह पद छोड़ने की जानकारी दी। शाहीन ने सोमवार को मीडिया से कहा, ‘‘मैंने रिजवान से इस मामले पर चर्चा करने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से यह जिम्मेदारी ली।’’ उन्होंने कहा, ‘‘रिजवान एकमात्र व्यक्ति थे जिनसे मैंने चर्चा की और मैंने उनसे पूछा कि मेरे कप्तानी स्वीकार करने के बारे में उन्हें कैसा लगा।’’

शाहीन ने कहा, ‘‘रिजवान ने खुद फैसला किया कि वह मेरे लिए जगह बनाएंगे और इस तरह चीजें आगे बढ़ी।’’

शाहीन को 2023 में पाकिस्तान की टी20 टीम का कप्तान बनाया गया था लेकिन न्यूजीलैंड में सिर्फ एक श्रृंखला के बाद उन्हें बर्खास्त कर दिया गया था।

शाहीन को 2023 क्रिकेट विश्व कप में पाकिस्तान के खराब प्रदर्शन के बाद बाबर आजम के इस्तीफा देने पर यह जिम्मेदारी सौंपी गयी थी। महज एक श्रृंखला के बाद हालांकि उन्हें हटाकर फिर से बाबर को कप्तान बना दिया गया।

शाहीन ने कहा कि रिजवान ने उन्हें पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि कप्तान के तौर पर वह बाबर और रिजवान का समर्थन करेंगे क्योंकि वे टीम के अहम खिलाड़ी हैं और उनके पास काफी अनुभव है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे कोई अहंकार नहीं है और मैं अपने पूर्व कप्तानों सहित सभी से सलाह लेने के लिए तैयार रहता हूं। मैं अतीत में हुई बातों पर ध्यान नहीं देता।’’

इस तेज गेंदबाज ने कहा, ‘‘अगर आप एक टीम के रूप में सुधार करना चाहते हैं, तो सभी को जिम्मेदारी लेनी होगी।’’ इस 25 साल के खिलाड़ी ने कहा, ‘‘आप यह नहीं कह सकते कि बाबर, रिजवान या फखर (जमां) को ही जिम्मेदारी लेनी होगी। हमें एक टीम के रूप में तालमेल बिठाना होगा और जिम्मेदारी लेनी होगी।’’ शाहीन ने कहा कि पीसीबी ने उन्हें कप्तानी के लिए कोई निश्चित समय सीमा नहीं दी है लेकिन वह 2027 विश्व कप में टीम का नेतृत्व करना चाहेंगे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article