क्रिकेट

भारत-पाक प्रतिद्वंद्विता पर सूर्यकुमार यादव की टिप्पणी पर शाहीन अफरीदी ने कहा, यह उसका नजरिया, उसे कहने दीजिए

Shaheen Afridi On Comments Of Suryakumar Yadav: पाकिस्तान के तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ शाहीन शाह अफरीदी ने सूर्यकुमार यादव के इस बयान पर सीधा जवाब देने से परहेज किया कि भारत के दबदबे के कारण भारत-पाक मैचों को अब प्रतिद्वंद्विता नहीं माना जाना चाहिए और जोर देते हुए कहा कि उनकी टीम का ध्यान एशिया कप जीतने पर है।

Image

शाहीन अफरीदी ने सूर्यकुमार यादव की टिप्पणी पर बयान दिया

Photo : AP

पाकिस्तान के तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ शाहीन शाह अफरीदी ने सूर्यकुमार यादव के इस बयान पर सीधा जवाब देने से परहेज किया कि भारत के दबदबे के कारण भारत-पाक मैचों को अब प्रतिद्वंद्विता नहीं माना जाना चाहिए और जोर देते हुए कहा कि उनकी टीम का ध्यान एशिया कप जीतने पर है। बृहस्पतिवार को बांग्लादेश के खिलाफ अपने आखिरी सुपर चार चरण के मैच से पहले प्रेस कांफ्रेंस में शाहीन ने सूर्यकुमार के बयान पर पूछे गए सवालों को टाल दिया।

अफरीदी ने कहा, ‘‘यह उसका अपना विचार है, उसे कहने दीजिए। जब हम (रविवार को संभावित एशिया कप फाइनल में) मिलेंगे तो देखेंगे कि क्या है, क्या नहीं। तब देख लेंगे। हम एशिया कप जीतने आए हैं और इसके लिए हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करेंगे।’’ सूर्यकुमार ने कहा था कि किसी प्रतिद्वंद्विता को वास्तविक मानने के लिए नतीजों का अंतर 12-3 नहीं होना चाहिए जो फिलहाल टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबालों में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत हार का रिकॉर्ड है।

मौजूदा टूर्नामेंट में दोनों टीमों के बीच दो बार मुकाबला हुआ है और दोनों की मौकों पर भारत ने आसान जीत दर्ज की। दोनों टीमों के बीच तनाव तब और बढ़ गया जब भारतीय टीम ने पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए मैच से पहले और बाद में पाकिस्तानी खिलाड़ियों के साथ हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। इस हमले में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी शामिल थे।

पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने भारतीय प्रशंसकों और प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों के प्रति आक्रामक रुख अपनाया और अफरीदी से पूछा गया कि क्या इस आक्रामकता की योजना हारिस राऊफ और साहिबजादा फरहान जैसे खिलाड़ियों ने बनाई थी। रविवार को सुपर चार मैच के दौरान जहां राऊफ ने भारतीय प्रशंसकों का मजाक उड़ाया तो वहीं फरहान ने बंदूक चलाने के उत्तेजक जश्न से उकसाया।

उन्होंने कहा, ‘‘आक्रामक होने की कोई खास योजना नहीं है। हम हमेशा से ही आक्रामक रहे हैं। क्रिकेट इसी तरह खेला जाता है और टीम का मनोबल ऊंचा रखा जाता है।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या टीम फाइनल में संभावित भारत-पाक मुकाबले पर भी चर्चा कर रही है, शाहीन ने कहा, ‘‘हम अभी फ़ाइनल में नहीं पहुंचे हैं, जब पहुंचेंगे तब इस बारे में सोचेंगे।’’

जब उनसे पूछा गया कि दोनों टीमों के बीच ‘क्या चल रहा है’ तो अफरीदी ने पहले तो मजाकिया लहजे में कहा, ‘‘क्या चल रहा है?’’ जब उनसे राऊफ और फरहान के बारे में खास तौर पर पूछा गया तो अफरीदी ने एक बार फिर इस मुद्दे को टाल दिया। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा काम क्रिकेट खेलना है। लोग जो चाहे सोच सकते हैं। हम यहां एशिया कप जीतने आए हैं। हम पाकिस्तान की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।’’

बृहस्पतिवार को बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले शाहीन ने कहा कि उनकी टीम की योजना शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाने की है। शाहीन ने कहा, ‘‘बांग्लादेश एक अच्छी टीम है और उसने पिछले कुछ समय में अच्छा क्रिकेट खेला है। हमें उनके खिलाफ पहले हमला करना होगा, हमें अच्छा क्रिकेट खेलना होगा।’’

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article