सिडनी: पाकिस्तान (Pakistan Cricket team) के युवा तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी (Shaheen Afridi) का टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) के शुरूआती मैचों में अच्छा प्रदर्शन नहीं हुआ, जिसके बाद कई लोगों ने टीम प्रबंधन पर आरोप लगाया कि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को वर्ल्ड कप के कारण जल्दी बुलाया गया। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका (South Africa Cricket team) के खिलाफ पाकिस्तान के 'करो या मरो' मुकाबले में शाहीन अफरीदी ने दिखाया कि वो क्यों आधुनिक युग के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में से एक हैं।
186 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरूआत बेहद खराब रही। शाहीन अफरीदी ने पहले ओवर की आखिरी गेंद पर क्विंटन डी कॉक को अपना पहला शिकार बनाया। कॉक खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद पारी के तीसरे ओवर में अफरीदी ने राइली रोसोयू को अपना दूसरा शिकार बनाया। फिर बारिश के कारण मुकाबला रुका और जब दोबारा खेल शुरू हुआ तो प्रोटियाज को संशोधित लक्ष्य 14 ओवर में 142 रन का मिला।
शाहीन अफरीदी पारी का 11वां ओवर करने आए और हेनरिच क्लासेन को अपना तीसरा शिकार बनाया। 22 साल और 211 दिन की उम्र में शाहीन अफरीदी टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 50 विकेट लेने वाले सबसे युवा तेज गेंदबाज बन गए हैं। अफरीदी ने ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर ऐलिस पेरी को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 23 साल और 144 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी।
अफरीदी टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट इतिहास में 50 विकेट लेने वाले चौथे सबसे युवा तेज गेंदबाज बने। राशिद खान (अफगानिस्तान), स्टेफनी टेलर (वेस्टइंडीज) और दीप्ति शर्मा (भारत) यह कमाल कर चुके हैं। शाहीन अफरीदी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में 3 ओवर में 14 रन देकर तीन विकेट लिए। यह टी20 इंटरनेशनल करियर में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी रहा।
मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 185/9 का स्कोर बनाया। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 108/9 का स्कोर बना सकी। पाकिस्तान ने डकवर्थ लुईस पद्यति के आधार पर 33 रन से जीत दर्ज की।
