क्रिकेट

शेफाली वर्मा ने तोड़ा मंधाना का 4 साल पुराना रिकॉर्ड, जड़ दिया सबसे तेज अर्धशतक

भारत की सलामी बैटर शेफाली वर्मा ने एशिया कप में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने मंधाना का 4 साल पुराना रिकॉर्ड अपने नाम किया जो श्रीलंका के खिलाफ 2022 में बना था।

Image

शेफाली वर्मा (साभार-X)

भारत की सलामी बैटर शेफाली वर्मा ने स्मृति मंधाना का 4 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। विमेंस एशिया कप के फाइनल मुकाबले में भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। शेफाली वर्मा ने पिछले फॉर्म को जारी रखते हुए इस मुकाबले में भी शानदार बल्लेबाजी जारी रखा। उन्होंने इस दौरान एशिया कप में सबसे तेज अर्धशतक जड़ा और साथी खिलाड़ी मंधाना का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

शेफाली वर्मा ने जड़ा सबसे तेज अर्धशतक

शेफाली वर्मा ने केवल 24 गेंद में 7 चौके और एक छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने मंधाना का 4 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। मंधाना ने साल 2022 में 25 गेंद में अर्धशतक जड़ा था। मंधाना का भी यह अर्धशतक श्रीलंका के खिलाफ ही आया था और अब शेफाली ने भी श्रीलंका के खिलाफ उनके इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।

सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस स्कोर का रिकॉर्ड

विमेंस एशिया कप 2026 में यह शेफाली वर्मा का तीसरा अर्धशतक है और इसके साथ ही वह एक एडिशन में तीन फिफ्टी प्लस स्कोर जड़ने वाली पहली भारतीय बैटर बन गईं। इसके अलावा चमारी अट्टापट्टू ने 2024 एशिया कप में यह कारनामा किया था। उस साल श्रीलंका एशिया कप की चैंपियन बनी थी। इस एशिया कप में शेफाली सबसे सफल बैटर रही हैं और अब तक 229 रन बना चुकी है।

सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड

शेफाली वर्मा ने मंधाना के साथ मिलकर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में साझेदारी का सबसे बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 129(77) रन की साझेदारी की। दोनों ने 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा जब हेली मैथ्यूज और स्टेफनी टेलर ने 120 रन की साझेदारी की थी। यह साझेदारी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आई थी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article