क्रिकेट

5000th ODI Match Ever: वनडे क्रिकेट इतिहास के पन्नों में दर्ज हुआ स्कॉटलैंड और कनाडा का मुकाबला

स्कॉटलैंड और कनाडा के बीच शुक्रवार को डुन्डी में आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 का खेला गया मुकाबला वनडे क्रिकेट इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज हो गया।

Image

पांच हजारवां वनडे मैच (फोटो क्रेडिट AI Generated)

नई दिल्ली: स्कॉटलैंड और कनाडा के बीच शुक्रवार को डुन्डी में आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 का खेला गया मुकाबला वनडे क्रिकेट इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज हो गया। यह एकदिवसीय क्रिकेट इतिहास का 5000वां मैच था। टी20 फॉर्मेट की बढ़ती लोकप्रियता के बीच अपने वजूद के लिए संघर्ष कर रहे वनडे क्रिकेट के लिए यह एक अच्छी खबर है। 5 हजार के आंकड़े तक पहुंचने में वनडे क्रिकेट को 55 साल लंबा वक्त लगा। इस ऐतिहासिक मुकाबले में स्कॉटलैंड ने कनाडा 9 रन के अंतर से मात दी।

बगैर योजना के हुई थी वनडे क्रिकेट की शुरुआत

दुनिया का पहला वनडे मैच 5 जनवरी 1971 को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया था। इस मैच में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने 5 विकेट के अंतर से जीत दर्ज की थी। बारिश की वजह से एशेज सीरीज के तीसरे टेस्ट के पहले तीन दिन का खेल रद्द हो गया था। ऐसे में अधिकारियों ने मैच को रद्द करने के बजाए 40-40 ओवर का मैच खेलने का फैसला किया। मैच में ओवर 8 गेंद का था। खिलाड़ियों ने सफेद जर्सी में लाल रंग की गेंद के साथ मैच खेला। संयोगवश बगैर किसी योजना के हुई शुरुआत क्रिकेट प्रेमियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हुई और 94 साल लंबे इंतजार के बाद क्रिकेट को दूसरा फॉर्मेट मिला। आगे चलकर ये 60 ओवर के फॉर्मेट में तब्दील हुआ। 1975 में पहली बार वनडे विश्व कप का आयोजन हुआ।

ऐसी रहा है वनडे क्रिकेट का सफर

वनडे क्रिकेट की शुरुआती यात्रा धीमी रही। इस फॉर्मेट के 1000 मैच साल 1995 में पूरे हुए। 500वां मैच नॉटिंघम में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया। 1000 मैच की यात्रा 24 साल में पूरी हुई। एक हजार से 2 हजार मैच की यात्रा 8 साल में पूरी हुई। दो हजारवां मैच शारजाह में पाकिस्तान और जिंबाब्वे के बीच साल 2003 में खेला गया। दो से तीन हजार वनडे मैच की यात्रा 7 साल में पूरी हुई। 3 हजारवां मैच ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच साउथैम्पटन में साल 2010 में खेला गया था। तीन से 4 हजार वनडे मैच पूरे होने में भी 8 साल का वक्त लगा। ये मुकाबला हांगकांग और पपुआ न्यू गिनी के बीच साल 2018 में हरारे में खेला गया था। अब कनाडा और स्कॉटलैंड की टीम ने डुंडी में 5 हजारवां मैच खेला है और इस यात्रा में भी 8 साल का लंबा वक्त लगा है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article