क्रिकेट

फिटनेस में सरफराज खान ने पेश की मिसाल, फैंस को नहीं हो रहा यकीन

टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज सरफराज खान की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसमें वह एक दम अलग नजर आ रहे हैं। उनके फिटनेस में जमीन-आसमान का अंतर नजर आ रहा है।

Image

सरफराज खान (साभार-X Sarfaraz Khan)

कभी-कभी कुछ पाने के लिए बहुत कुछ खोना पड़ता है। इस क्रम में कभी-कभी लोगों को अपनी फेवरेट फूड भी छोड़नी पड़ती है जो उसकी कमजोरी हो। टीम इंडिया के बल्लेबाज सरफराज खान की एक तस्वीर सामने आई है जिसमें वह अपने पुराने लुक से एकदम अलग नजर आ रहे हैं। हालिया महीनों में सरफराज खान ने अपनी फिटनेस पर जमकर पसीना बहाया है जिसका परिणाम साफ नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर इस युवा बल्लेबाज की एक तस्वीर सामने आई है जिस पर फैंस अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। फैंस को यकीन नहीं हो पा रहा है कि यह वही सरफराज हैं जब उन्होंने अपने इंटरनेशनल डेब्यू किया था।

घटाया 10 किलो से ज्यादा वजन

सरफराज खान की एक तस्वीर सामने आई है जिसमे वह जिम में खड़े नजर आ रहे हैं। इससे पहले एक खबर सामने आई थी, जिसमें कहा गया था कि उन्होंने।लगभग 10 किलो वजन घटाया है, लेकिन मौजूदा तस्वीर यह बता रही है कि उसके बाद भी उन्होंने और वेट लॉस किया है। हालांकि, केवल सरफराज खान ने अकेले अपना वेट लॉस नहीं किया है, बल्कि उनके पिता नौशाद और भाई मुशीर खान ने भी अपनी फिटनेस पर जमकर मेहनत की है।

छोड़ दिया अपना पसंदीदा खाना

सरफराज खान जब ऑस्ट्रेलिया दौरे पर थे तो सोशल मीडिया पर अपनी खराब फिटनेस के कारण जमकर ट्रोल हुए थे। उसके बाद उन्होंने फिटनेस के लिए जो संकल्प दिखाया है वह काबिले तारीफ है। इसके लिए उन्होंने अपना पसंदीदा बिरयानी तक त्याग दी। इसके अलावा उन्होंने रनिंग, स्वीमिंग कर खुद पर खूब मेहनत की और औरों के लिए मिसाल बने। यह टीम इंडिया में उस कल्चर का प्रभाव भी है जो विराट कोहली लेकर आए थे।

टीम में वापसी है लक्ष्य

सरफराज खान ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। उन्होंने यह मुकाबला नवंबर 2024 में खेला था। इस मुकाबले में सरफराज खान पूरी तरह से फेल रहे थे। पहली पारी में वह खाता भी नहीं खोल पाए थे जबकि दूसरी पारी में उन्होंने 1 रन बनाए थे। इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू करने वाले सरफराज का करियर भले ही छोटा रहा हो, लेकिन उन्होंने कम वक्त में एक-दो अच्छे परफॉर्मेंस दिए हैं। 6 मैच की 11 पारी में सरफराज 37.1 की औसत से 371 रन बनाए हैं और उनका सर्वाधिक स्कोर1 150 रन रहा है। सरफराज का एकमात्र लक्ष्य टीम इंडिया में वापसी करने का है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article