क्रिकेट

IPL में संजू सैमसन ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले राजस्थान रॉयल्स के पहले बल्लेबाज बने

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Apr 23, 2024, 11:39 AM IST

Sanju Samson Record, Rajasthan Royals: आईपीएल 2024 में सोमवार रात खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को शिकस्त देकर टूर्नामेंट में अपनी सातवीं जीत दर्ज की। इस जीत में संदीप शर्मा (5 विकेट) और यशस्वी जायसवाल (नाबाद 104) का सबसे अहम योगदान रहा, लेकिन साथ ही राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने भी एक खास रिकॉर्ड बना डाला है।

Image

संजू सैमसन (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल में संजू सैमसन ने बनाया खास रिकॉर्ड
  • संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने
  • मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में हासिल की बड़ी सफलता

IPL 2024, RR vs MI: इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन (Sanju Samson) ने शानदार कप्तानी करने के साथ-साथ बल्ले से भी एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। सोमवार को आईपीएल 2024 के मैच में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 9 विकेट से करारी शिकस्त देते हुए सीजन में अपनी 7वीं जीत हासिल की। इस मैच के दौरान संजू सैमसन ने अपनी टीम के लिए एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज किया।

राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 180 रनों का लक्ष्य दिया था। जवाब में उतरी टेबल टॉपर राजस्थान की टीम ने अपने युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) के शतक के दम पर 18.4 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर ही जीत दर्ज कर ली। जायसवाल ने नाबाद 104 रनों की शानदार पारी खेली।

मैच में राजस्थान की पारी के दौरान ओपनर जोस बटलर (Jos Buttler) जब 35 रन बनाकर आउट हुए तब जायसवाल का साथ देने कप्तान संजू सैमसन पिच पर उतरे और उन्होंने 28 गेंदों में नाबाद 38 रनों की पारी खेली। वो अपनी टीम को जीत तक ले जाकर ही वापस लौटे। इस दौरान संजू सैमसन ने खास रिकॉर्ड भी बना दिया। वो राजस्थान रॉयल्स के लिए 3500 रनों का आंकड़ा छूने वाले आईपीएल इतिहास के पहले बल्लेबाज बन गए।

संजू सैमसन का आईपीएल करियर

राजस्थान रॉयल्स कप्तान संजू सैमसन ने अब तक अपने आईपीएल करियर में 160 मैच खेलते हुए 4202 रन बनाए हैं। इसमें 23 अर्धशतक और 3 शतक शामिल हैं। उन्होंने इससे पहले आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स का भी प्रतिनिधित्व किया है, जिसके बाद वो राजस्थान रॉयल्स में आए और 2021 में कप्तान बना दिए गए। राजस्थान रॉयल्स में रहते हुए वो अब तक 3500 रन बना चुके हैं जो इस टीम की तरफ से अब तक किसी भी खिलाड़ी का सर्वाधिक रनों का आंकड़ा है।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article