क्रिकेट

IPL 2026: पैट कमिंस लौटे, लेकिन क्या हैदराबाद का कप्तान बदलेगा, संजय बांगड़ ने किया बड़ा खुलासा

SRH Captaincy: आईपीएल 2026 में आगे सनराइजर्स हैदराबाद का कप्तान कौन होगा, इस पर चर्चा लगातार जारी है। पैट कमिंग की गैरमौजूदगी में ईशान किशन टीम की अगुवाई कर रहे थे, लेकिन अब कमिंस लौट रहे हैं, ऐसे में क्या कप्तानी बदलेगी। इसको लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर व कोच संजय बांगड़ ने बड़ा बयान दिया है।

Image

सनराइजर्स हैदराबाद टीम

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2026
  • क्या सनराइजर्स हैदराबाद का कप्तान बदलेगा?
  • संजय बांगड़ ने SRH के कप्तान पर दिया बड़ा बयान

SRH Captain: पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगड़ ने कहा कि पैट कमिंस की चोट से उबरकर वापसी करने के बाद भी ईशान किशन को ही सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करनी चाहिए। कमिंस अपनी पीठ के निचले हिस्से में दर्द के कारण टी20 विश्व कप में नहीं खेल पाए थे और उन्हें इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सत्र के शुरुआती मैचों से भी बाहर रहना पड़ा था। वह राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शनिवार को जयपुर में होने वाले मैच में वापसी कर सकते हैं।

भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच बांगड़ ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, "एक कप्तान के तौर पर ईशान किशन ने दिखाया कि वह अपने गेंदबाजों का इस्तेमाल करने के मामले में रणनीतिक रूप से बहुत कुशल हैं। उन्हें पता है कि किस बल्लेबाज के खिलाफ किस गेंदबाज का इस्तेमाल करना है। इससे स्पष्ट होता है वह खेल की कितनी अच्छी समझ रखते हैं। वह दबाव में नहीं आते, जल्दबाजी नहीं करते और मैदान पर सही फैसले ले रहे हैं।"

उन्होंने कहा, "दिल्ली के खिलाफ जिस तरह से उन्होंने अपने स्पिनरों का इस्तेमाल किया, वह प्रभावशाली था। इसलिए मेरा मानना है कि भले ही पैट कमिंस वापसी कर लें, ईशान किशन को ही सनराइजर्स की कप्तानी करनी चाहिए।" बांगड़ ने कहा, "अमूमन देखा गया है कि भारतीय कप्तान होने से टीम को स्थिरता मिलती है। पैट कमिंस जैसे काबिल गेंदबाज की हाल की चोटों को देखते हुए यह कहना मुश्किल है कि वह आईपीएल के बाकी मैचों में कितने फिट रहेंगे।"

उन्होंने कहा कि किशन को ही कप्तान बनाए रखना सनराइजर्स के सर्वोत्तम हित में होगा। बांगड़ ने कहा, "ईशान को कप्तान बनाए रखने से खिलाड़ियों को भी अपले प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखने में मदद मिलेगी। मुझे लगता है कि हैदराबाद के लिए यही सही होगा।" इस बीच किशन ने कहा कि उनकी सफलता का राज असफलता के भय पर काबू पाना, आगे बढ़ते रहना और मैचों के बीच टीम को नए सिरे से आगे के लिए तैयार करना है।

किशन ने कहा, "इस स्तर पर, कौशल का स्तर काफी हद तक समान होता है। असली अंतर मानसिकता में आता है। मेरे लिए यह महत्वपूर्ण था कि मैं मैचों के बीच खुद को नए सिरे से कैसे तैयार करूं।" उन्होंने कहा, "लगातार ध्यान केंद्रित रखना, जीतने की ललक रखना और मानसिक रूप से वर्तमान में रहना ही सफलता की कुंजी है। आप असफलता के डर को मन में नहीं पाल सकते। अगर ऐसा विचार मन में आए, तो उसे दूर करके सकारात्मक रहना होगा।"

किशन ने कहा कि उनके गेंदबाजों के साथ उनका विशेष रिश्ता है। उन्होंने कहा, "गेंदबाजों के साथ मेरा रिश्ता चीजों को सरल और सकारात्मक रखने पर आधारित है। साकिब हुसैन जैसे गेंदबाज के साथ मेरी स्वाभाविक समझ है और मैंने उनसे कहा है कि वे शांत रहें। यह टी20 क्रिकेट है। इसमें प्रत्येक गेंदबाज की धुनाई होती है। मायने यह रखता है कि आप उससे कैसे उबरते हैं।"

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article