क्रिकेट

SMAT 2025: सलिल अरोड़ा के आतिशी शतक और नीतीश रेड्डी की हैट्रिक पर फिरा पानी, पंजाब और आंध्र प्रदेश को मिली हार

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शुक्रवार को दो अहम मुकाबलों में पंजाब और आंध्र प्रदेश को झारखंड और मध्य प्रदेश के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

Image

सलिल अरोड़ा (फोटो क्रेडिट Jio Hotstar X)

अम्बी (महाराष्ट्र): सलिल अरोड़ा ने पंजाब के लिए 125 रन की शानदार शतकीय पारी खेली लेकिन झारखंड ने बल्लेबाजों के एकजुट प्रदर्शन से शुक्रवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सुपर लीग ग्रुप ए मैच में छह विकेट से जीत हासिल की। अरोड़ा ने 45 गेंद की पारी के दौरान नौ चौके और 11 छक्के जड़े। उन्होंने 39 गेंद में शतक जड़ दिया जिससे पंजाब ने 20 ओवर में छह विकेट पर 235 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया जबकि टीम ने 28 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे।

अरोड़ा ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सुशांत मिश्रा की गेंदों को धुना और पारी के अंतिम ओवर में तीन छक्के और एक चौका जड़कर पंजाब को बड़ा स्कोर बनाने में मदद की। अरोड़ा का यह प्रदर्शन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी को निश्चित रूप से आकर्षित करेगा क्योंकि चार दिन बाद ही लीग की मिनी नीलामी होगी। अरोड़ा विकेटकीपर-बल्लेबाज की भी भूमिका निभा सकते हैं लेकिन इस दिन पंजाब के कप्तान प्रभसिमरन सिंह ने विकेटकीपिंग की। लेकिन कुमार कुशाग्र (नाबाद 82), कप्तान ईशान किशन (47 रन), अनुकूल रॉय (37 रन) और पंकज कुमार (39 रन) की बदौलत झारखंड ने 18.1 ओवर में चार विकेट पर 237 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

एक अन्य मैच में भारत के ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी ने आंध्र के लिए 25 रन बनाए और तीन विकेट लिए लेकिन उनका प्रदर्शन टीम के काम नहीं आ सका जिससे मध्य प्रदेश इस कम स्कोर वाले मुकाबले में चार विकेट से जीत दर्ज करने में सफल रहा। आंध्र की टीम 19.1 ओवर में 112 रन पर सिमट गई जिसमें केएस भरत के 39 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। मध्य प्रदेश ने 17.3 ओवर में छह विकेट पर 113 रन बनाकर जीत दर्ज की जिसमें ऋषभ चौहान ने 47 और राहुल बाथम ने नाबाद 35 रन बनाए।

वहीं ग्रुप बी के मैच में राजस्थान की टीम हरियाणा से सात विकेट से हार गई। राजस्थान ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 132 रन बनाए जिसमें महिपाल लोमरोर ने नाबाद 37 और शुभम गढ़वाल ने 33 रन का योगदान दिया। हरियाणा ने अंकित कुमार (60 रन) के अर्धशतक की बदौलत 16.2 ओवर में तीन विकेट पर 133 रन बनाकर जीत दर्ज की।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article