क्रिकेट

कोलंबो टेस्ट से पहले कुलदीप यादव के खेलने पर क्या बोले साईराज बहुतुले

गॉल टेस्ट में जीत के बावजूद गेंदबाजी ने टीम इंडिया के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी। खासतौर से कुलदीप ने जिस तरह से गेंदबाजी की उसने सवाल खड़े कर दिए हैं। 25 ओवर की गेंदबाजी करने वाले कुलदीप को केवल एक विकेट मिला।

Image

साईराज बहुतुले (साभार-X)

गॉल टेस्ट में टीम इंडिया को भले ही जीत मिल गई हो, लेकिन स्पिन गेंदबाज खासतौर से कुलदीप यादव की गेंदबाजी सवालों के घेरे में रही। पहली पारी में वह महंगे साबित हुए। कुलदीप ने 14 ओवर की गेंदबाजी में 65 रन खर्चे और केवल एक विकेट चटका पाए। उन्होंने 4.60 की इकोनॉमी से रन लुटाए जो उनके जैसे गेंदबाजों के लिए सही नहीं कही जा सकती। दूसरी पारी में कुलदीप यादव विकेटलेस रहे। उन्होंने दूसरी पारी में 11 ओवर में 38 रन दिए। दूसरी ओर बाएं हाथ के युवा स्पिनर मानव सुथार और अनुभवी रविंद्र जडेजा ने मिलकर 14 विकेट लिए थे। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या कोलंबो टेस्ट में उन्हें मौका मिलेगा या फिर पहली बार टीम में शामिल किए सारांश जैन को डेब्यू करने का मिलेगा। कुलदीप के खेलने पर जब स्पिन कोच साईराज बहुतले ने प्रतिक्रिया दी है। शुक्रवार को उन्होंने कहा 'बाएं हाथ का यह कलाई स्पिनर टीम प्रबंधन की योजनाओं का हिस्सा है और एक मैच में खराब प्रदर्शन से उनकी काबिलियत तय नहीं होती।

बहुतुले ने कहा, ’’कुलदीप शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं। गॉल में परिस्थितियां अलग थीं। उन्हें एक अलग भूमिका निभानी पड़ी। कुलदीप हमेशा से मैच जिताने वाले गेंदबाज रहे हैं और टीम की योजना में शामिल हैं।’’ बहुतुले ने कहा, ’’ सभी स्पिनरों को नरम गेंद से परेशानी होती है। लेकिन बाएं हाथ के स्पिनर या ऑफ स्पिनर उंगलियों से गेंद को नियंत्रित कर लेते हैं, इसलिए उनके लिए यह थोड़ा आसान होता है। वहीं, लेग स्पिनर के लिए नरम गेंद से गेंदबाजी करना ज्यादा मुश्किल होता है, क्योंकि गेंद की सीम दबकर नीचे चली जाती है।’’

उन्होंने कहा, ’’ कलाई के स्पिनर के लिए नरम गेंद से गेंदबाजी करना ज्यादा मुश्किल होता है। गेंद की सीम नरम होने के कारण नीचे चली जाती है। ऐसे में गेंद को मनचाही तरह से घुमाना और उछाल हासिल करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।’’ बहुतुले ने कहा, ’’एक मैच के प्रदर्शन से किसी गेंदबाज का आकलन नहीं किया जा सकता। कुलदीप ने भी परिस्थितियों के मुताबिक अपनी भूमिका में बदलाव करने की पूरी कोशिश की।’’

क्यों कुलदीप नहीं हुए सफल

गॉल की पिच और कूकाबुरा गेंद की स्थिति ने भी कुलदीप को अपनी गेंदबाजी की दिशा और गति में बदलाव करने के लिए मजबूर किया। गेंद की शुरुआती चमक खत्म होने के बाद वह नरम हो गई थी। नतीजा दोनों पारियों में कुल 25 ओवर गेंदबाजी करने के बाद उन्हें केवल एक विकेट मिला।

मानव सुथार की तारीफ की

मानव सुथार ने गॉल टेस्ट में 10 विकेट लेकर अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखा। उनकी गेंदबाजी से बहुतुले काफी प्रभावित नजर आए। बहुतुले ने कहा, ’’सुथार अब टीम के लिए एक भरोसेमंद खिलाड़ी बनते जा रहे हैं। घरेलू क्रिकेट में काफी गेंदबाजी करने के कारण उन्हें हर परिस्थिति में अपनी गेंदबाजी की अच्छी समझ है।’’ टीम प्रबंधन उन्हें अलग-अलग परिस्थितियों में गेंदबाजी करने के तरीके समझाने पर काम कर रहा है। इसमें अलग पिच, अलग बल्लेबाज और बाएं या दाएं हाथ के बल्लेबाज के खिलाफ रणनीति शामिल है।

बहुतुले ने कहा, ’’ सुथार गेंद को अच्छी तरह टर्न कराते हैं और हमारे लिए बेहद भरोसेमंद गेंदबाज हैं। वह लगातार उसी लाइन पर गेंदबाजी करते हैं, जिस पर हम चाहते हैं। इसी के साथ उनकी गेंदबाजी में भी लगातार निखार आ रहा है।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article