क्रिकेट

IND vs NZ: सचिन भी हुए शुभमन गिल के मुरीद, ट्वीट कर टीम इंडिया को दी शुभकामनाएं

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 2, 2023, 11:18 AM IST

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए तीन मैच की सीरीज को टीम इंडिया ने 2-1 से जीत लिया। अहमदाबाद में खेले गए निर्णायक मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड 168 रन से हराया। टीम इंडिया की इस जीत पर सचिन तेंदुलकर ने भी शुभकामनाएं दी है। इस मैच में टीम इंडिया ने कई रिकॉर्ड भी बनाए।

Image

सचिन तेंदुलकर और टीम इंडिया

Photo : Twitter

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए निर्णायक मुकाबले में टीम इंडिया ने हार्दिक पांड्या की कप्तानी में सबसे बड़ी जीत दर्ज की। भारत ने इस मुकाबले को 168 रन के बड़े अंतर से जीता और 3 मैच की सीरीज पर 2-1 से कब्जा कर लिया। टीम इंडिया की इस जीत के हीरो रहे शुभमन गिल, जिन्होंने अपनी पारी से कई रिकॉर्ड तोड़े और अपने टी20 करियर का पहला शतक जड़ा।

उन्होंने 63 गेंद पर 126 रन की विस्फोटक पारी खेली। गिल ने 200 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अपनी इस पारी में 12 चौके और 7 छक्के लगाए। यह T20I क्रिकेट में भारत की तरफ से सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर है।

सचिन भी हुए शुभमन गिल की पारी के मुरीद

क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर भी टीम इंडिया की इस शानदार जीत और शुभमन गिल की धमाकेदार बल्लेबाजी के मुरीद हो गए। उन्होंने ट्वीट कर टीम इंडिया और गिल को शुभकामनाएं दी। सचिन ने लिखा 'टीम इंडिया को सीरीज जीतने की शुभकामनाएं। लंबे वक्त बाद स्टेडियम में रहकर टीम इंडिया को खेलते देखना अच्छा लगा। शुभमन गिल ने शानादर पारी खेली, जिसे बाद में हार्दिक पांड्या के ऑलराउंडर प्रदर्शन ने आगे बढ़ाया। ऐसे ही जीतते रहें।'

मैच की बात करें तो निर्णायक मुकाबले में टीम इंडिया का दमदार प्रदर्शन अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भी जारी रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को ईशान किशन के रूप में जरूर झटका लगा, लेकिन उसके बाद शुभमन गिल, राहुल त्रिपाठी और बाद में सूर्या की बेहचरीन बल्लेबाजी के दम पर टीम इंडिया ने 4 विकेट खोकर 234 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

जवाब में न्यूजीलैंड की टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई और पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 12.1 ओवर में केवल 66 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की तरफ से हार्दिक पांड्या ने 4, जबकि अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक और शिवम मावी ने 2-2 विकेट झटके। न्यूजीलैंड की तरफ से सर्वाधिक 35 रन की पारी डेरिल मिचेल ने खेली।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article