क्रिकेट

IND vs ENG: पंत के जज्बे को क्रिकेट के भगवान ने ठोका सलाम, साहसिक पारी की ऐसे की सराहना

Sachin Tendulkar Praise Rishabh Pant: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मैच मैनचेस्टर में खेले जा रहा है। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की तरफ से ऋषभ पंत ने अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ जज्बे से भी सभी का दिल जीत लिया है इसमें सचिन तेंदुलकर भी शामिल हैं।

Image

चोट के बावजूद बल्लेबाजी करने आते हुए पंत (फोटो -Sachintendulkarx)

Sachin Tendulkar Praise Rishabh Pant: भारत के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जा रहे चौथे टेस्ट के दूसरे दिन चोट के बावजूद शानदार अर्धशतक जड़ा। उनकी इस जुझारू पारी को भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर ने सलाम किया है। पंत ने दाहिने पैर की गंभीर चोट के बावजूद भारत की पारी को मजबूत किया और इंग्लैंड के खिलाफ एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट में एक यादगार पारी खेली।

पहले दिन लगी चोट, दूसरे दिन लौटे मैदान पर

ऋषभ पंत को पहले दिन 68वें ओवर में क्रिस वोक्स की गेंद पर रिवर्स स्वीप करने के प्रयास में दाहिने पैर के पंजे की हड्डी में चोट लग गई थी। चोट इतनी गंभीर थी कि उनके पैर से खून बहने लगा और उन्हें स्ट्रेचर की मदद से मैदान से बाहर ले जाया गया। वे 37 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए और बाद में उन्हें स्कैन के लिए ले जाया गया।

घायल हालत में उतरे बल्लेबाजी करने, दर्शकों ने किया खड़े होकर स्वागत

दूसरे दिन जब भारत ने 314 रन पर शार्दुल ठाकुर का विकेट गंवाया, तब पंत ने टीम की ज़रूरत समझते हुए मैदान पर उतरने का फैसला किया। ‘मून बूट’ पहनकर और लंगड़ाते हुए जैसे ही वह बल्लेबाजी के लिए मैदान में पहुंचे, ओल्ड ट्रैफर्ड में मौजूद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट और स्टैंडिंग ओवेशन के साथ उनका स्वागत किया।

दर्द को किया दरकिनार, पारी को मजबूत किया

चोट के कारण वह रन लेने में संघर्ष कर रहे थे, फिर भी उन्होंने 54 रन की बहुमूल्य पारी खेली। उन्होंने भारत को 358 रन तक पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई, इसके बाद वह आउट हो गए। मैदान पर उनके साहस और समर्पण ने हर किसी का दिल जीत लिया।

सचिन तेंदुलकर ने सराहा पंत का जज्बा

महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने पंत के साहसिक प्रयास की सराहना करते हुए एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि “दर्द में खेलना और उससे ऊपर उठना ही असली जुझारूपन है। ऋषभ पंत ने जिस तरह से चोट के बावजूद मैदान पर वापसी की और एक ऐसी पारी खेली, वह जबरदस्त कैरेक्टर दिखाता है। यह अर्धशतक दर्शाता है कि अपने देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए कितना साहस और समर्पण चाहिए होता है। बहादुरी भरा प्रयास, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा। शानदार खेल, ऋषभ!”

वसीम जाफर और अन्य दिग्गजों ने भी की प्रशंसा

पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने भी पंत की सराहना करते हुए लिखा कि “एक सच्चे टीम मैन की ओर से बेहद बहादुरी भरा प्रयास। बहुत अच्छा खेला ऋषभ पंत। इन हालातों में भारत ने अच्छा स्कोर खड़ा किया है।”

ध्रुव जुरेल संभालेंगे विकेटकीपिंग, पंत केवल बल्लेबाज के रूप में उपलब्ध

बीसीसीआई ने जानकारी दी है कि पंत इस मैच में विकेटकीपिंग नहीं करेंगे, उनकी जगह ध्रुव जुरेल यह भूमिका निभाएंगे। हालांकि पंत टीम की आवश्यकता के अनुसार केवल बल्लेबाजी करेंगे। चोट के कारण उनके पैर में सूजन और दर्द लगातार बना हुआ है।

पंत की यह पारी बनीं मिसाल

ऋषभ पंत की यह अर्धशतकीय पारी न सिर्फ स्कोरबोर्ड पर अहम थी, बल्कि यह भारतीय क्रिकेट के इतिहास में साहस और समर्पण की मिसाल बन गई है। जिस परिस्थिति में वह मैदान पर लौटे और टीम को संकट से उबारा, वह आने वाले युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा देगी। सचिन तेंदुलकर की प्रशंसा इस बात का प्रमाण है कि पंत ने सिर्फ रन नहीं बनाए, बल्कि दिल भी जीते हैं।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article