क्रिकेट

सचिन तेंदुलकर ने टीम इंडिया के नए टेस्ट कप्तान शुभमन गिल की जमकर की तारीफ

महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने लॉर्ड्स क्रिकेट म्यूजियम में अपने पोर्ट्रेट के अनावरण के बाद टीम इंडिया के नए कप्तान और उनकी कप्तानी में खेल रही युवा टीम के खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की है।

Image

सचिन तेंदुलकर (फोटो क्रेडिट - AP)

Photo : AP

लंदन: महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने बृहस्पतिवार को कहा कि शुभमन गिल ने युवा भारतीय टेस्ट टीम के लिए ‘सामंजस्य बिठाने’ में अच्छा काम किया है और शुरूआती दिनों में नए कप्तान का कौशल और संयम इस भूमिका में बेहतरीन रहा है। गिल ने मौजूदा एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पहले दो टेस्ट मैच में इंग्लैंड के खिलाफ एक दोहरे शतक सहित तीन शतकों की मदद से 585 रन बनाए हैं। दोनों टीमें अभी 1-1 की बराबरी पर हैं।

तेंदुलकर ने एमसीसी संग्रहालय में अपने चित्र के अनावरण के दौरान लॉर्ड्स में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा,'यह विश्व क्रिकेट के लिए अच्छा है जब खुद को एक मजबूत इकाई के रूप में संगठित करने की कोशिश कर रही एक युवा टीम एकजुट हो रही है और यह सुनिश्चित कर रही है कि टीम में कौन क्या भूमिका निभाए।

गिल ने बतौर कप्तान किया है अच्छा काम

सचिन ने आगे रहा, 'मुझे लगता है कि शुभमन ने चीजों को व्यवस्थित करने और संयमित रहकर अच्छा काम किया है। आप उसे देखिए, वह घबराया हुआ नहीं है। वह शांत है। मुझे याद है कि मैच के बाद के एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा था कि वह शांत है। मैच की स्थिति चाहे जो भी हो, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।'

भारतीय युवा खिलाड़ी उनसे सीखने को हैं उत्सुक

तेंदुलकर ने भारतीय क्रिकेट में प्रतिभा की गहराई को स्वीकार किया और कहा कि पांच टेस्ट मैचों के इस दौरे पर आए युवा खिलाड़ी उनके विशाल अनुभव से सीखने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने मैरिलबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के अध्यक्ष मार्क निकोलस के साथ बातचीत के दौरान कहा,'भारतीय क्रिकेट बेहतरीन स्थिति में है। हमारे पास कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी बेंच पर बैठे हैं और यह एक अच्छा संकेत है। यह एक अच्छा सिरदर्द है कि आप किसे बाहर रखेंगे? सभी खिलाड़ी प्रतिभाशाली हैं, उनमें कुछ कर दिखाने की भूख है।'

लीड्स में हार के बाद दूसरे टेस्ट में की शानदार वापसी

तेंदुलकर ने कहा,'पिछले कुछ दिनों में मेरी उनसे मुलाक़ात हुई है। मैं उनके साथ फोन पर बात कर रहा हूं और यह बातचीत सामान्य है। उनके अंदर कुछ करने की भूख है, उनके अंदर इच्छा है। उन्हें पता है कि लोग उनसे उम्मीदें लगाए बैठे हैं। यह कुछ ऐसा है जिसका भारत बेसब्री से इंतज़ार कर रहा है। उन्होंने दूसरे टेस्ट मैच में शानदार वापसी की। पहला टेस्ट मैच काफी करीबी रहा था। मुझे याद है कि मेरे कोच ने मुझसे कहा था, कैच ही मैच जिताते हैं। हमने कई कैच छोड़े। लेकिन दूसरे मैच में हमने इस मुश्किल से पार पा लिया।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article