भारत के दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर अपने बेटे अर्जुन को आईपीएल 2026 में मैदान पर देख भावुक हो गए। आईपीएल के 19वें सीजन में वह लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की टीम में शामिल थे। सीजन में उन्हें लगातार 13 मैचों तक मौका नहीं मिला। हालांकि, लखनऊ ने अपने आखिरी लीग स्टेज के मैच में अर्जुन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया। इस मैच में अर्जुन ने शानदार प्रदर्शन किया। अर्जुन ने चार ओवर में 36 रन देकर एक विकेट चटकाए। वह अपनी टीम के लिए सबसे किफायती गेंदबाज रहे।
बेटे के धैर्य और प्रदर्शन को देखकर सचिन तेंदुलकर भावुक हो गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर बेटे के लिए खास संदेश लिखा। इसमें उन्होंने अर्जुन की मेहनत, प्रदर्शन काबिलियत की बात की। सचिन ने लिखा, शाबाश, अर्जुन, इस पूरे सीजन में तुमने जिस तरह से खुद को संभाला है, उस पर मुझे गर्व है। तुमने हमेशा अपनी काबिलियत पर भरोसा रखा, धैर्य बनाए रखा, चुपचाप कड़ी मेहनत की और आखिरी मैच तक मौका मिलने का इंतजार करने के बावजूद सकारात्मक बने रहे। क्रिकेट में कौशल के साथ-साथ धैर्य की भी परीक्षा होती है और तुमने आज दोनों को बखूबी निभाया। जमीन पर पैर जमाए रखना और हमेशा की तरह इस खेल से प्यार बनाए रखना। हमेशा प्यार।
आखिरी लीग मैच में भी हारी लखनऊ
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आईपीएल का यह सीजन भी किसी बुरे सपने जैसा रहा। एलएसजी को अपने आखिरी लीग मुकाबले में भी शिकस्त झेलनी पड़ी। टीम ने 19वें सीजन से भी सुखद विदाई नहीं ली। लखनऊ ने 14 मैच खेले और मात्र 4 मैच ही जीत सकी। 8 अंक के साथ वह 10वें पायदान है। 10 मुकाबलों में उसे हार का सामना करना। आखिरी मुकाबले में लखनऊ का सामना पंजाब किंग्स से हुआ।
श्रेयस अय्यर ने खेली नाबाद शतकीय पारी
पंजाब किंग्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 196 रन बनाए। जोश इंग्लिस ने सर्वाधिक 72 रन की पारी खेली। आयुष बडोनी ने 43 रन का योगदान दिया। पंत 26 रन और अब्दुल समद ने 37 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद शतकीय पारी खेली। वह 51 गेंद पर 101 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, प्रभसिमरन सिंह ने 69 रन का योगदान दिया, जिसकी बदौलत पंजाब ने 7 विकेट से जीत दर्ज की।
