क्रिकेट

बेहतरीन इंसान, सच्चा रोल मॉडल...सचिन तेंदुलकर ने पढ़े केन विलियमसन की तारीफ में कसीदे

भारत के पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान करने वाले महान कीवी बल्लेबाज केन विलियमसन को 'बेहतरीन इंसान और युवाओं के लिए एक सच्चा रोल मॉडल' बताया हैं। जानिए उन्होंने उनकी तारीफ में क्या-क्या कहा?

Image

केन विलियमसन (फोटो क्रेडिट ANI)

नई दिल्ली: भारत के पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान करने वाले महान कीवी बल्लेबाज केन विलियमसन को 'बेहतरीन इंसान और युवाओं के लिए एक सच्चा रोल मॉडल' बताया हैं। न्यूजीलैंड को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब दिलाने वाले कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज ने शुक्रवार को इंटरनेशनल क्रिकेट से अचानक संन्यास की घोषणा कर दी। ऐसे में उन्हें दुनियाभर से बधाई संदेश मिल रहे हैं।

ऐसे में सचिन तेंदुलकर ने एक्स पर केन विलियमसन के लिए पोस्ट लिखते हुए कहा, तेंदुलकर ने विलियमसन की तारीफ करते हुए उन्हें तकनीकी रूप से सबसे बेहतरीन और शानदार बल्लेबाजों में से एक बताया। उन्होंने क्रीज पर विलियमसन के बैलेंस, टाइमिंग और शांत स्वभाव की सराहना की। उन्होंने विलियमसन को एक बेहतरीन इंसान और युवा क्रिकेटरों के लिए रोल मॉडल भी बताया।

बेहतरीन तकनीक वाले बल्लेबाज थे केन

तेंदुलकर ने कहा,'जब से मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया है, केन विलियमसन मेरे देखे गए सबसे बेहतरीन तकनीक वाले और शानदार बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। बैलेंस, टाइमिंग और क्रीज पर उनका खास शांत स्वभाव मिलकर उनकी बल्लेबाजी को वर्ल्ड क्रिकेट में लगातार देखने लायक बनाते थे। वे एक बेहतरीन इंसान और युवाओं के लिए सच्चे रोल मॉडल हैं।' तेंदुलकर ने कहा कि विलियमसन के संन्यास से कई बॉलिंग अटैक को राहत मिलेगी। तेंदुलकर ने कहा,'उनके संन्यास से शायद कई बॉलिंग कैंप को काफी राहत मिलेगी। उनके अगले सफर के लिए उन्हें शुभकामनाएं। मैं उनकी सफलता की कामना करता हूं।'

16 साल लंबा रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर

संन्यास की घोषणा के साथ ही विलियमसन के 16 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर का समापन हो गया। डेढ़ दशक से ज्यादा लंबे क्रिकेट करियर में विलियमसन ने न्यूजीलैंड के लिए 378 इंटरनेशनल मैच खेले। 35 वर्षीय विलियमसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 19,346 अंतरराष्ट्रीय रन बनाए। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के रुप में अपना करियर खत्म किया। 19 हजार से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रनों में 48 शतक और छह दोहरे शतक शामिल हैं। विलियमसन ने न्यूजीलैंड के लिए अपना आखिरी मैच इंग्लैंड के खिलाफ चल रही तीन मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट में लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला। इस मैच की पहली पारी में विलियमसन शून्य पर आउट हुए और दूसरी पारी में 18 रन बना सके। लॉर्ड्स टेस्ट में कीवी टीम को 115 रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।

कप्तान के रूप में भी रहे सफल

बतौर कप्तान भी विलियमसन बेहद सफल रहे। विलियमसन ने 40 टेस्ट मैचों में न्यूजीलैंड की कमान संभाली जिसमें से 22 में जीत, 10 हार और 8 ड्रॉ शामिल हैं। वे इस मामले में स्टीफन फ्लेमिंग के बाद कीवी कप्तानों में दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 80 टेस्ट मैचों में 28 जीत हासिल की थी। विलियमसन की कप्तानी में न्यूजीलैंड ने 91 वनडे मैचों में 46 जीत, 40 हार मिली। वहीं एक मैच टाई हुआ और 4 मैच बिना किसी नतीजे के समाप्त हुआ। विलियमसन ने 75 टी20 मैच में न्यूजीलैंड की कप्तानी की जिसमें से 39 में टीम को जीत मिली। उनकी कप्तानी में न्यूजीलैंड ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीता। वहीं उनकी कप्तानी में टीम 2019 में वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंची जहां उसे अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2021 के टी20 विश्व कप के फाइनल में कीवी टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार मिली थी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article