क्रिकेट

SA vs PAK 2nd Test Pitch Report: दक्षिण अफ्रीका-पाकिस्तान दूसरे टेस्ट मैच की पिच रिपोर्ट

SA vs PAK 2nd Test Pitch Report In Hindi: आज (3 January 2025) पाकिस्तान और मेजबान दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा व अंतिम टेस्ट मैच शुरू होने जा रहा है। दूसरा टेस्ट मैच केपटाउन में आयोजित होगा। सीरीज के पहले मुकाबले में रोमांचक अंदाज में दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 2 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सीरीज में बढ़त हासिल कर ली थी। अब पाकिस्तान को क्लीन स्वीप से बचने और सीरीज को ड्रॉ कराने के लिए दूसरा टेस्ट जीतना ही होगा। यहां जानेंगे दक्षिण अफ्रीका-पाकिस्तान दूसरे टेस्ट मैच की पिच रिपोर्ट।

Image

दक्षिण अफ्रीका-पाकिस्तान दूसरे टेस्ट मैच की पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • दक्षिण अफ्रीका-पाकिस्तान टेस्ट सीरीज
  • आज दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच दूसरा टेस्ट होगा शुरू
  • दूसरा टेस्ट मैच केपटाउन में खेला जाएगा

SA vs PAK 2nd Test Pitch Report In Hindi Today Match: मेजबान दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम और मेहमान पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच आज से टेस्ट सीरीज का दूसरा व आखिरी मुकाबला शुरू होने जा रहा है। ये पाकिस्तान के दक्षिण अफ्रीका दौरे का आखिरी मुकाबला भी होगा। दूसरे टेस्ट मैच का आयोजन केपटाउन (Cape Town) में हो रहा है। इससे पहले टेस्ट सीरीज के पहले मैच में दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 148 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोमांचक तरीके से अंतिम क्षणों में दो विकेट से जीत हासिल करते हुए सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की थी। अब पाकिस्तान को सीरीज ड्रॉ कराने के लिए किसी भी हाल में केपटाउन में जीत हासिल करनी होगी। पाकिस्तानी टेस्ट टीम की अगुवाई करेंगे शान मसूद (Shan Masood)। जबकि दक्षिण अफ्रीकी टेस्ट टीम की कप्तानी तेम्बा बावुमा (Temba Bavuma) के हाथों में है। दूसरा टेस्ट मैच भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 2:00 बजे से शुरू होगा।

पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच आज से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले एक नजर डाल लेते हैं दोनों टीमों के मौजूदा टेस्ट क्रिकेट आंकड़ों पर। दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान की टीमें अब तक टेस्ट क्रिकेट इतिहास में 29 मुकाबले खेल चुकी हैं, जिसमें 16 मैच दक्षिण अफ्रीकी टीम ने अपने नाम किए हैं, जबकि 6 मैचों में पाकिस्तानी टीम विजयी रही है। इसके अलावा सात टेस्ट मैच ड्रॉ रहे। दक्षिण अफ्रीका की जमीन पर खेले गए इन दोनों टीमों के बीच मुकाबलों की चर्चा करें तो अब तक यहां पाकिस्तान और मेजबान दक्षिण अफ्रीका के बीच 16 टेस्ट मैच हो चुके हैं। इनमें 13 मैचों में मेजबान दक्षिण अफ्रीकी टीम को जीत हासिल हुई है। वहीं पाकिस्तान को सिर्फ दो मैचों में ही जीत मिल सकी है। जबकि एक मैच ड्रॉ रहा था।

पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरे टेस्ट मैच की पिच रिपोर्ट (SA vs PAK 2nd Test Pitch Report)

आज से खेले जाने वाले दक्षिण अफ्रीका-पाकिस्तान दूसरे टेस्ट मैच का आयोजन केपटाउन स्थित न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड (Newlands) में होने वाला है। केपटाउन की पिच भी बल्लेबाजों को मदद देती नजर आएगी, यहां का इतिहास गवाह है कि बल्लेबाजों ने यहां खूब रन बरसाए हैं। इस मैदान पर एक पारी का सर्वाधिक स्कोर 651 रन है जो दक्षिण अफ्रीका ने 2009 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया था। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने यहां 334 रनों के लक्ष्य को हासिल करते हुए जीत दर्ज करके 2002 में इतिहास भी रचा था। इस मैदान पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का औसत स्कोर 322 रन है। वहीं, एक हकीकत भरा आंकड़ा ये भी है कि इसी मैदान पर टेस्ट क्रिकेट के अपने दूसरे सबसे कम स्कोर 35 रन पर सिमट चुकी है, हालांकि वो कमाल इंग्लैंड की टीम ने सालों पहले 1899 में किया था। गेंदबाजों में यहां पर स्पिनर्स को काफी मदद मिलती देखी गई है, लेकिन केपटाउन की पिच में हमेशा से काफी उछाल देखने को मिला है और तेज गेंदबाज अपनी रफ्तार व बाउंसर्स के जरिए यहां बल्लेबाजों को डराने के मौके नहीं छोड़ते।

दूसरे टेस्ट मैच में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें (Players To Watch Out For In SA vs PAK 2nd Test)

दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में कई स्टार खिलाड़ियों पर फैंस की नजरें रहेंगी। दक्षिण अफ्रीकी टीम की तरफ से पिछले मुकाबले में मैन ऑफ द मैच रहे एडेन मार्करम (Aiden Markram), डेन पेटरसन (Dane Paterson), कॉर्बिन बॉश (Corbin Bosch), डेविड बेडिंघम (David Bedingham) और मारको जेनसेन (Marco Jansen) पर निगाहें टिकी रहेंगी। वहीं, पाकिस्तानी टेस्ट टीम में सउद शकील (Saud Shakeel), बाबर आजम (Babar Azam), खुर्रम शहजाद (Khurram Shahzad), नसीम शाह (Naseem Shah) और आमिर जमाल (Aamer Jamal) से उम्मीदें होंगी।

केपटाउन में खेले गए पिछले 5 टेस्ट मैचों के स्कोरकार्ड और नतीजे (Last 5 Test Matches Scorecards And Results At Cape Town)

तारीख टीमें स्कोरकार्ड नतीजे
22 मार्च 2018दक्षिण अफ्रीका-ऑस्ट्रेलियादक्षिण अफ्रीका- 311 और 373, ऑस्ट्रेलिया- 255 और 107दक्षिण अफ्रीका 322 रन से जीता
3 जनवरी 2019दक्षिण अफ्रीका-पाकिस्तानपाकिस्तान- 177 और 294, दक्षिण अफ्रीका- 431 और 43/1 दक्षिण अफ्रीका 9 विकेट से जीता
3 जनवरी 2020दक्षिण अफ्रीका-इंग्लैंडइंग्लैंड- 269 और 391/8 dec, दक्षिण अफ्रीका- 233 और 248इंग्लैंड 189 रन से जीता
11 जनवरी 2022दक्षिण अफ्रीका-भारतभारत- 223 और 198, दक्षिण अफ्रीका- 210 और 212/3दक्षिण अफ्रीका 7 विकेट से जीता
3 जनवरी 2024दक्षिण अफ्रीका-भारतदक्षिण अफ्रीका- 55 और 176, भारत- 153 और 80/3भारत 7 विकेट से जीता

दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान की टेस्ट टीमें (South Africa And Pakistan Test Squads)

दक्षिण अफ्रीकी टीमः तेम्बा बावुमा (कप्तान), क्वेना मफाका, एडेन मार्कराम, डेविड बेडिंघम, कॉर्बिन बॉश, मैथ्यू ब्रीट्जके, डेन पैटरसन, कैगिसो रबाडा, रयान रिकेलटन, ट्रिस्टन स्टब्स, काइल वेरेन, वियान मुल्डर, सेनुरन मुथुसामी, टोनी डी जोरजी, मार्को येनसेन और केशव महाराज।

पाकिस्तान क्रिकेट टीमः शान मसूद (कप्तान), बाबर आजम, आमेर जमाल, सलमान आगा, मोहम्मद रिजवान, नसीम शाह, नोमान अली, सईम अयूब, सऊद शकील, मीर हमजा, मोहम्मद अब्बास, अब्दुल्ला शफीक, हसीबुल्लाह खान, कामरान गुलाम और खुर्रम शहजाद।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article