Rohit Sharma talks to Nita Ambani: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 के 67वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई इंडियंस को 18 रनों से मात दे दी। वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित इस मैच के साथ मुंबई इंडियंस का सफर आईपीएल 2024 में समाप्त हो गया है। इस हार के बाद भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस की मालिक नीता अंबानी के साथ एक संक्षिप्त बातचीत करते देखा गया।
हार्दिक पंड्या के नेतृत्व में खेले गए 14 मैचों में से केवल चार मैच जीतने के बाद एमआई ने आईपीएल के मौजूदा सीज़न को अंतिम स्थान पर समाप्त किया। शुक्रवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए अंतिम लीग चरण में भी टीम लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 18 रनों से हार गई। इसके बाद हार्दिक पर स्लो ओवर रेट के लिए फाइन भी लगाया गया।
रोहित ने नीता अंबानी से की बातचीत
यह मुंबई स्थित फ्रेंचाइजी के लिए एक भूलने लायक सीजन था। आईपीएल के इतिहास की सबसे सफल टीमों में शुमार मुंबई इस साल शुरुआत से ही ट्रेक से हटी हुई नजर आई और वापसी के कोई संकेत नहीं दिखे। टीम के खराब प्रदर्शन के बाद रोहित को नीता अंबानी के साथ चर्चा में व्यस्त देखा गया और वायरल हो रहे एक वीडियो में दोनों को किसी बात पर विस्तार से बात करते देखा जा सकता है।
रोहित शर्मा छोड़ सकते हैं मुंबई इंडियंस का साथ
कई प्रशंसकों और पूर्व दिग्गजों के अनुसार, शुक्रवार को एमआई और एलएसजी के बीच मैच मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी के रूप में रोहित का आखिरी मैच था और वह आईपीएल 2025 मेगा नीलामी से पहले फ्रेंचाइजी छोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। रोहित शर्मा को इस सीजन की शुरुआत से पहले ही कप्तानी से हटा दिया गया था जिससे वे नाराज थे रिपोर्ट्स की मानें तो वे हार्दिक की कप्तानी से भी ज्यादा खुश नहीं हैं।
