क्रिकेट

Rohit Sharma Retirement: क्या रोहित शर्मा ने किसी दबाव के चलते लिया टेस्ट से संन्यास? राजीव शुक्ला ने दिया जबाव

Rohit Sharma Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। रोहित शर्मा के संन्यास के पीछे रिपोर्ट्स में दबाव की भी चर्चा हो रही है हालांकि बीसीसीआई के उपाध्यक्ष ने राजीव शुक्ला ने इन सभी को सिरे से खारिज कर दिया है।

Image

रोहित शर्मा (फोटो- AP)

Rohit Sharma Retirement: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने स्पष्ट किया है कि रोहित शर्मा का टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेना उनका निजी निर्णय था और बोर्ड ने उन पर ऐसा करने के लिए कोई दबाव नहीं बनाया। रोहित ने 20 जून से इंग्लैंड में शुरू होने वाली पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला से पहले बुधवार को यह घोषणा की थी।

"संन्यास का फैसला पूरी तरह से रोहित का अपना"

शुक्ला ने 'पीटीआई वीडियो' से बात करते हुए कहा, "टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का निर्णय रोहित ने स्वयं लिया है। BCCI की नीति है कि जब कोई खिलाड़ी संन्यास का फैसला करता है, तो हम उस पर कोई दबाव नहीं डालते। हम न तो सुझाव देते हैं और न ही कोई टिप्पणी करते हैं।"उन्होंने रोहित के टेस्ट करियर की सराहना करते हुए कहा, "पांच दिवसीय क्रिकेट में उनका योगदान अतुलनीय है। वह एक महान बल्लेबाज रहे हैं। अच्छी बात यह है कि उन्होंने अभी पूरी तरह से क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है (वह अभी भी वनडे खेलेंगे), इसलिए हम निश्चित रूप से उनके अनुभव और प्रतिभा का लाभ उठाएंगे।"

अब कौन बनेगा भारतीय टेस्ट टीम का नया कप्तान?

रोहित के टेस्ट कप्तानी छोड़ने के बाद अब सवाल यह है कि भारतीय टेस्ट टीम की कमान किसे सौंपी जाएगी। जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल और शुभमन गिल संभावित दावेदारों में शामिल हैं। हालांकि, शुक्ला ने इस मामले में कोई अटकलें लगाने से इनकार करते हुए कहा कि यह पूरी तरह से चयन समिति का फैसला होगा।उन्होंने कहा, "इस बारे में किसी तरह की अटकलें नहीं होनी चाहिए। चयनकर्ता ही तय करेंगे और आधिकारिक घोषणा करेंगे कि नया कप्तान कौन होगा। यह पूरी तरह से उनका अधिकार क्षेत्र है।"

रोहित शर्मा का टेस्ट करियर

रोहित शर्मा ने 2013 में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था और उन्होंने 52 मैचों में 3,737 रन बनाए, जिसमें 10 शतक और 16 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने 2021 में विराट कोहली के बाद टेस्ट टीम की कप्तानी संभाली थी। अब वह केवल वनडे में ही दिखाई देंगे।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article