गयाना: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 विश्व कप 2024 के सेमीफाइनल मुकाबले की पूर्व संध्या पर टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अर्शदीप सिंह पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक द्वारा उठाए सवाल पर करारा जवाब दिया है। इंजमाम उल हक ने अजीबोगरीब दावा करते हुए इशारों-इशारों में कहा अर्शदीप सिंह जैसे भारतीय तेज गेंदबाज 2024 टी20 वर्ल्ड में लगातार गेंद से छेड़छाड़ कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि अर्शदीप ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पारी के 15वें ओवर में गेंद को रिवर्स स्विंग करा रहे थे। ऐसा कैसे संभव हैं।
दिमाग खोलकर करनी चाहिए बात
ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले रोहित शर्मा से इस बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने करारा जवाब दिया। रोहित ने कहा, यहां की पिचें सूखी हैं। अगर गेंद यहां रिवर्स स्विंग नहीं होगी तो कहां होगी। हमारे गेंदबाजों को ही नहीं दूसरी टीम के गेंदबाजों भी रिवर्स स्विंग करा रहे हैं। हम इंग्लैंड या ऑस्ट्रेलिया में नहीं खेल रहे हैं। आपको इस बारे में दिमाग खोलकर सोचना चाहिए। अब इसके अलावा मैं इस बारे में क्या कहूं?
शिवम दुबे हैं अच्छे गेंदबाज
रोहित ने सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ प्लेइंग-11 में बदलाव का कोई संकेत नहीं दिया। उन्होंने कहा कि हम परिस्थितियों के हिसाब से अपनी प्लेइंग-11 डिसाइड करेंगे। शिवम दुबे की गेंदबाजी के बारे में पूछे गए सवाल के बारे में रोहित ने कहा, वो अच्छा गेंदबाज है। उसने घरेलू क्रिकेट में बहुत गेंदबाजी की है और विकेट भी लिए हैं।
सेमीफाइनल में खेलेंगे बिंदास क्रिकेट
टूर्नामेंट और सेमीफाइनल में टीम के बिंदांस खेल के अंदाज में रोहित शर्मा ने कहा, हमने पहले से ही टीम में लोगों की भूमिका तय कर दी है। सबको अपना काम अपने तरीके से बिंदास तरीके से करने को कहा है। सब वही कर रहे हैं। टीम में हर किसी की सोच यही है। जिस तरह की क्रिकेट हम खेलते आए हैं वैसी ही क्रिकेट आगे भी खेलेंगे।
