क्रिकेट

IPL 2024: हिटमैन ने 12 साल बाद जड़ा आईपीएल में शतक, लगी रिकॉर्ड्स की झड़ी

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 15, 2024, 05:30 AM IST

Rohit Sharma Century In IPL: मुंबई इंडियन्स के पर्व कप्तान रोहित शर्मा ने रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ आतिशी शतक जड़ लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। 12 साल लंबे अंतराल के बाद उनके बल्ले से निकले शतक ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।

Image

रोहित शर्मा(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • रोहित शर्मा ने सीएसक के खिलाफ जड़ा शतक
  • 63 गेंद में खेली 105 रन की नाबाद पारी
  • 12 साल बाद आईपीएल में रोहित के बल्ले से निकला सैकड़ा

Rohit Sharma Records: मुंबई इंडियन्स के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में जीत के लिए 207 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 63 गेंद में 105 रन की नाबाद पारी खेले। रोहित 12 साल लंबे अंतराल के बाद आईपीएल में शतक जड़ने में सफल तो हुए लेकिन वो अपनी टीम को जीत की दहलीज पार नहीं कर सके। मुंबई की टीम 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 186 रन बना सकी। आखिरी ओवर में जीत के लिए मुंबई को 34 रन बनाने थे लेकिन रोहित मोहम्मद नबी के साथ मिलकर केवल 14 रन बना सके।

12 साल बाद निकला रोहित के बल्ले से शतक

रोहित शर्मा के आईपीएल करियर का यह दूसरा शतक है। इससे पहले साल 2012 में रोहित ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी। इडेन गार्डन्स में रोहित ने 60 गेंद में नाबाद 109 रन बनाए थे। ऐसे में रोहित के प्रशंसकों को दूसरे शतक के लिए 12 साल लंबा इंतजार करना पड़ा। रोहित ने साल 2013 में मुंबई की कमान संभाली और टीम को पांच बार चैंपियन बनाया लेकिन वो इस दौरान एक बार भी तीन अंक के आंकड़े को नहीं छू सके। कप्तानी छोड़ते ही उन्होंने मुंबई की जर्सी में आतिशी शतक जड़ दिया।

टी20 में पूरे किए 500 छक्के

रोहित ने अपनी शतकीय पारी के दौरान 11 चौके और 5 छक्के जड़े। इस दौरान रोहित ने जैसे ही तीसरा छक्का जड़ा वो टी20 क्रिकेट में 500 या उससे ज्यादा छक्के जड़ने वाले दुनिया पांचवें और पहले एशियाई खिलाड़ी बन गए। 342 मैच में रोहित के खाते में 502 छक्के दर्ज हो गए हैं। रोहित के बाद टी20 में दूसरे सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय विराट कोहली हैं उनके खाते में 383 छक्के दर्ज हैं। वहीं तीसरे स्थान पर काबिज एमएस धोनी ने 331 छक्के जड़े हैं।

स्पेशल क्लब में हुई एंट्री

रोहित शर्मा टी20 क्रिकेट में एक हजार से ज्यादा चौके और 500 से ज्यादा छक्के जड़ने वाले दुनिया के दूसरे प्लेयर बन गए हैं। रोहित से पहले ये कारनामा क्रिस गेल ने किया है जिनके खाते में 1132 चौके और 1056 छक्के दर्ज हैं। वहीं हिटमैन ने टी20 में 1025 चौके और 502 छक्के जड़े हैं।

एबी डिविलियर्स का तोड़ा रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने जैसे ही अपनी पारी के दौरान अर्धशतक पूरा किया वो आईपीएल में 50 रन से ज्यादा की सबसे ज्यादा पारियां खेलने के मामले में एबी डिविलियर्स को पछाड़कर चौथे पायदान पर पहुंच गए। रोहित आईपीएल में 44 वीं बार 50 या उससे ज्यादा रन बनाए। उनसे ज्यादा बार ऐसा डेविड वॉर्नर(66), विराट कोहली(60) और शिखर धवन(53) कर सके हैं।

टी20 में सबसे ज्यादा शतक

रोहित ने शतक पूरा करते ही टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में माइकल क्लिंगर, डेविड वॉर्नर और आरोन फिंच की बराबरी कर ली। इन सभी के नाम टी20 क्रिकेट में 8-8 शतक दर्ज है। रोहित सहित ये सभी अब साझा रूप से सबसे ज्यादा टी20 शतक जड़ने वाले प्लेयर्स में चौथे स्थान पर काबिज हो गए हैं। टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा 22 शतक क्रिस गेल के नाम दर्ज हैं। उनके बाद बाबर आजम 11 शतक के साथ दूसरे और विराट कोहली 9 शतक के साथ तीसरे पायदान पर काबिज हैं।

आईपीएल में चेन्नई-मुंबई मुकाबले में सबसे ज्यादा रन

रोहित शर्मा चेन्नई के खिलाफ रविवार की 105 रन की नाबाद पारी के साथ चेन्नई-मुंबई के मुकाबले में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। ये रिकॉर्ड रोहित से पहले सुरेश रैना के नाम दर्ज था। रैना ने 30 पारियों में मुंबई के खिलाफ 710 रन बनाए थे। वहीं रोहित के नाम 28 पारियों में 805 रन दर्ज हो गए हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article