क्रिकेट

वनडे विश्व कप 2027 में खेलने के सवाल पर रोहित शर्मा ने दिया दो टूक जवाब

टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने वनडे विश्व कप 2027 में खुद के खेलने की संभावना पर दो टूक जवाब दिया है। जानिए हिटमैन ने इस बारे में क्या कहा?

Image

रोहित शर्मा (फोटो क्रेडिट Rohit Sharma X)

मुंबई: भारत के स्टार क्रिकेटर रोहित शर्मा ने अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप में खेलने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर गुरुवार को कहा कि अक्टूबर 2027 अभी बहुत दूर है। मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व कप्तान ने एक पंक्ति में जवाब दिया। टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट क्रिकेट में नहीं खेलने के कारण रोहित के वनडे प्रारूप में भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रहे हैं।

2027 अभी बहुत दूर है, तब देखेंगे

रोहित ने कार्यक्रम के दौरान एक सवाल के जवाब में कहा,'अक्टूबर 2027 अभी बहुत दूर है, तब देखेंगे।' वनडे विश्व कप 2027 की सह-मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे। उनसे यह भी पूछा गया कि क्या भारत के खिताब जीतने पर प्रशंसकों के साथ जश्न मनाने के लिए खुली बस में परेड आयोजित की जाएगी, ठीक उसी तरह जैसे 2024 में रोहित के नेतृत्व वाली टीम ने वेस्टइंडीज में टी20 विश्व कप जीतने के बाद मुंबई में विजय परेड निकाली थी।

रोहित की विश्व कप में भागीदारी को लेकर सैकिया ने कर दिया है साफ

रोहित ने कहा,'मुझे नहीं लगता कि अब बस परेड संभव होगी।' भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने कुछ दिन पहले स्पष्ट कर दिया था कि रोहित को लेकर अटकलों की कोई गुंजाइश नहीं है क्योंकि वह अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। रोहित ने वनडे में भारत के लिए अपने आखिरी मैच में शतक बनाया था।

शतक जड़कर लगाया था संन्यास की अटकलों पर विराम

रोहित शर्मा आखिरी बार भारतीय टीम की जर्सी में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलते नजर आए थे। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले गए सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे मुकाबले में शानदार शतक जड़ा था। इसके बाद उनकी वनडे क्रिकेट से संन्यास की अटकलों पर पूरी तरह विराम लग गया था। रोहित ने अपने आलोचकों को बल्ले से करारा जवाब दिया था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article