क्रिकेट

IND vs ENG: रोहित शर्मा ने पूरी टीम को दिया इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीत का श्रेय, हिटमैन ने की दो प्लेयर्स की जमकर तारीफ

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 9, 2024, 06:06 PM IST

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा भारत की इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की टेस्ट सीरीज में 4-1 के अंतर से जीत के श्रेय पूरी टीम को दिया है। रोहित ने सीरीज जीत के बाद दो खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की है।

Image

रोहित शर्मा

Photo : AP

धर्मशाला: रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने स्टार खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में घर इंग्लैंड की बैजबॉल रणनीति की हवा निकालते हुए पांच मैच की सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। भारतीय टीम को सीरीज के हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट मैच में 28 रन के करीबी अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन इसके बाद भारतीय टीम ने युवा खिलाड़ियों और रोहित की अनुभवी कप्तानी के बीच धमाकेदार वापसी करते हुए पहले सीरीज में वापसी की और अंत में लगातार 4 मैच में जीत दर्ज करके इंग्लैंड का हाल बेहाल कर दिया। धर्मशाला टेस्ट के तीसरे ही दिन भारतीय टीम ने इंग्लैंड को पारी और 64 रन से मात देकर मैच अपने नाम कर लिया।

ऐसे में जीत के बाद कप्तान रोहित शर्मा बेहद खुश नजर आए। शनिवार को रोहित मैदान पर नहीं उतरी उनकी जगह उपकप्तान जसप्रीत बुमराह ने टीम की कमान संभाली। जीत के बाद प्रेजेंटनेशन सेरेमनी में रोहित ने सीरीज जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, जब आप एक टेस्ट मैच जीतते हैं तो सबकुछ सही होना चाहिए। हमने इस मैच के दौरान बहुत सारी चीजें कीं जो सही रहीं जिसका परिणाम आपके सामने है।'

स्टार खिलाड़ियों के बैगर जीती सीरीज

रोहित शर्मा ने विराट कोहली, केएल राहुल और मोहम्मद शमी जैसे स्टार प्लेयर्स के बगैर इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में बड़ी जीत दर्ज करने के बारे में कहा, हमें पता है कि एक वक्त ऐसा आता है जब खिलाड़ियों को जाना पड़ता है। हमारे पास अच्छे युवा खिलाड़ी हैं। इन सभी खिलाड़ियों के पास अनुभव की कमी है, लेकिन इन्होंने बहुत सारी क्रिकेट खेली है। हमें उन्हें तैयार करना होगा और उनके अंदर खेल की समझ विकसित करनी होगी। इन सभी खिलाड़ियों ने दबाव की स्थिति में अच्छा जवाब दिया। इस जीत का श्रेय पूरी टीम को जाता है।'

गेंदबाजों ने किया शानदार काम

रोहित ने जीत का श्रेय गेंदबाजों को भी दिया और कहा, हम हमेशा रन बनाने की बात करते हैं लेकिन एक टेस्ट मैच जीतने के लिए आपको 20 विकेट चटकाने होते हैं। हमारे सभी गेंदबाजों ने एकजुट होकर इस काम को अंजाम दिया। जिस किसी भी गेंदबाज के हाथ में गेंद होती थी वो टीम के लिए कुछ अलग करना चाहता था।'

कुलदीप हैं मैच विनर प्लेयर

धर्मशाला में मैन ऑफ द मैच चुने गए कुलदीप यादव की तारीफ करते हुए रोहित ने कहा, हम जानते हैं कि कुलदीप प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और हमारे लिए मैच विनर बन सकते हैं। घुटने की चोट से उबरने के बाद वो गेंदबाजी पर बहुत मेहनत की है और शानदार प्रदर्शन किया है लेकिन उन्हें बल्लेबाजी करता देखना ज्यादा सुखद है।

गेंदबाजों पर हावी होना चाहते हैं यशस्वी

सीरीज में 712 रन बनाने वाले यशस्वी जायसवाल की तारीफ करते हुए हिटमैन ने कहा, वो बहुत आगे जाएंगे। वो बल्लेबाजी के दौरान गेंदबाजों पर हावी होना चाहता है। अपनी प्रतिभा और शॉट्स के बल पर वो गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखता है। वो बहुत क्रिकेट खेल चुके हैं और उन्हें पता चल जाएगा कि उन्हें और क्या करना चाहिए। उनके लिए सीरीज शानदार रही है और उन्हें बड़ी पारियां खेलना पसंद है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article