शहर

Delhi-Amritsar-Katra Expressway से सुहाना होगा सफर, NHAI ने जारी किया शानदार Video

NHAI ने Delhi-Amritsar-Katra Expressway का एक वीडियो शेयर किया है। यह प्रमुख कॉरिडोर दिल्ली को हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर से जोड़ेगा और लंबी दूरी की रोड कनेक्टिविटी को मजबूती देगा।

Image

दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे से 6 घंटे में पूरा होगा 12 घंटे का सफर

Delhi-Amritsar-Katra Expressway: देश में एक के बाद एक एक्सप्रेसवे बनाए जा रहे हैं। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, समृद्धि एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे की तरह दिल्ली से अमृतसर और कटरा को कनेक्टिविटी देने के लिए दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है। राजधानी दिल्ली से हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के बीच रोड कनेक्टिविटी को मजबूती देने वाले Delhi Amritsar Katra Expressway प्रोजेक्ट पर सबकी निगाहें हैं। NHAI ने इस एक्सप्रेसवे का एक Video सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर किया है। वीडियो में परियोजना की कनेक्टिविटी और इससे होने वाले लाभ और कनेक्टिविटी के बारे में विस्तार से बताया गया है।

680 किलोमीटर लंबा दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे दिल्ली को हरियाणा और पंजाब के रास्ते जम्मू-कश्मीर से जोड़ने वाली अहम योजना है। इस सड़क परियोजना के तहत अमृतसर स्थित सिखों के प्रमुख तीर्थ स्थल स्वर्ण मंदिर और कटरा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर को कनेक्टिविटी मिलेगी। यह एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे है, जिसका उद्देश्य लंबी दूरी के यातायात को तेज और सुगम बनाना है।

दिल्ली से कटरा तक बेहतर होगी कनेक्टिविटी

दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का पहला चरण दिल्ली से पंजाब के रास्ते आगे तक कनेक्टिविटी विकसित करने पर केंद्रित है। परियोजना के तहत हरियाणा और पंजाब में कई ग्रीनफील्ड पैकेज पर काम किया जा रहा है। NHAI की तरफ से जारी वीडियो में इस एक्सप्रेसवे को भारत की प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में शामिल बताते हुए दिल्ली, हरियाणा और आगे के क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने की बात कही गई है।

बड़ी बात ये है कि इस पूरे एक्सप्रेसवे को 22 पैकेजेस में बनाया जा रहा है। इनमें से 6 पैकेज का काम पहले ही पूरा हो चुका है। लगभग 190 किमी के इन 6 पैकेज को आम ट्रैफिक के लिए खोला भी जा चुका है।

Delhi-Amritsar-Katra Expressway Night

एक्सप्रेसवे पर सोलर लाइट की व्यवस्था की गई है

अमृतसर के लिए भी बन रहा अहम कॉरिडोर

इस एक्सप्रेसवे परियोजना की एक अहम कड़ी नकोदर-अमृतसर स्पर है। इसके जरिए मुख्य एक्सप्रेसवे से अमृतसर और श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की कनेक्टिविटी बेहतर करने की योजना है।

पंजाब से जम्मू-कश्मीर तक आसान होगा सफर

यह एक्सप्रेसवे पंजाब से जम्मू और कटरा क्षेत्र को बेहतर सड़क संपर्क देने के लिए अहम है। इससे दिल्ली और उत्तर भारत के प्रमुख शहरों से वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों को भी बेहतर सड़क विकल्प मिलेगा। परियोजना के तहत कई हिस्सों में चार लेन का ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है। जरूरत के अनुसार इसे भविष्य में आठ लेन तक भी बढ़ाया जा सकता है।

रोजगार और आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी

दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का असर सिर्फ यात्रा के समय तक सीमित नहीं रहने वाला है। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से हरियाणा और पंजाब के औद्योगिक क्षेत्रों, कृषि उत्पादों की आवाजाही और व्यापारिक गतिविधियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही अमृतसर और कटरा जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्रों तक पहुंच आसान होने से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article