क्रिकेट

VIDEO: रोहित शर्मा के साथ सेल्फी की चाहत, महिला का बंद हुआ फोन, हिटमैन ने कहा- 'तो अब मैं क्या करूं फिर?'

कई बार क्रिकेटरों को फैंस के चलते अजीबोगरीब घटना का हिस्सा बनना पड़ जाता है। ऐसा ही एक किस्सा हाल ही में रोहित शर्मा के साथ हुआ। वह आरसीबी के खिलाफ मुकाबले के लिए रायपुर पहुंचे हैं। ऐसे में एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक महिला हिटमैन के साथ सेल्फी लेना चाहती है लेकिन उसका फोन बंद हो जाता है। फिर जो होता है वो बेहद मजेदार है।

Image

रोहित शर्मा के साथ हुआ फनी मोमेंट। फोटो- स्क्रीन ग्रैब

रोहित शर्मा यानी हिटमैन दुनिया भर में सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले क्रिकेटरों में से एक हैं। उनकी लोकप्रियता बेमिसाल है। जब भी फैंस को मौका मिलता है वह हिटमैन के साथ सेल्फी लेने के लिए कुछ भी करने को तैयार रहते हैं। ऐसी एक घटना का वीडियो मुंबई इंडियंस ने अपने सोशल मीडिया पर पर शेयर किया है। जिसमें एक महिला रोहित के साथ सेल्फी लेने के लिए क्रेजी दिखी।

वीडियो कब का और कहां का इसकी जानकारी नहीं है लेकिन फिलहाल रोहित शर्मा आरसीबी के खिलाफ मुकाबला खेलने के लिए रायपुर पहुंचे हुए हैं। वीडियो में वह होटल से निकलकर टीम बस में जाने की तैयारी कर रहे होते हैं। इसी समय कुछ फैंस उनसे मिलने पहुंचते हैं। इन्हीं में एक महिला रोहित की दीवानी निकलती है। वह भागते हुए रोहित शर्मा के पास पहुंचती है।

महिला ने की सेल्फी की रिक्वेस्ट

महिला पूर्व मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित के साथ सेल्फी लेने की रिक्वेस्ट करती है। रोहित मान जाते हैं, महिला अपना फोन निकालती है और सेल्फी लेने लगती है। लेकिन यहीं एक ट्विस्ट होता है। महिला के फोन की बैटरी खत्म होती है और फोन बंद हो जाता है। महिला आस-पास खड़े लोगों से फोन मांगने लगती है। इस बीच रोहित टीम बस में चढ़ने के लिए बढ़ जाते हैं।

तभी महिला पीछे से चिल्लाकर उन्हें रोकती है। इस पर रोहित ने मजाकिया लहजे में कहा- तो अब मैं क्या करूं फिर? हालांकि, महिला की ख्वाहिश पूरी होती है और हिटमैन रोहित के साथ तस्वीर खींच लेती है। तस्वीर खींचने के बाद महिला ने रोहित का समय जाया करने के लिए माफी मांगी। इस पूरी घटना का वीडियो मुंबई इंडियंस ने अपने सोशल मीडिया आकाउंट पर शेयर किया है।

रोहित ने फॉर्म में वापसी की

हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण इस सीजन 5 मिस करने वाले रोहित शर्मा की टीम में वापसी हो गई है। वानखेड़े स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ पिछले मैच में वापसी की। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 44 गेंद में 84 रन बनाए, जिसमें छह चौके और सात छक्के शामिल थे। इस शानदार पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने 229 रनों का लक्ष्य छह विकेट शेष रहते और 10 गेंद पहले हासिल कर लिया।

पांच बार की चैंपियन मुंबई की टीम प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है। अगर वे अपने बचे हुए सभी मैच जीत भी लें तो भी अधिकतम 14 अंक ही हासिल कर पाएंगी। टीम का अगला मुकाबला रविवार, 10 मई को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से होगा।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article