क्रिकेट

Rishi Dhawan Retirement: आईपीएल से पहले भारतीय खिलाड़ी ने किया संन्यास का ऐलान, ऐसा रहा है उनका करियर

Rishi Dhawan Retirement: आईपीएल के आगाज से पहले भारतीय बल्लेबाज ऋषि धवन ने क्रिकेट को अलविदा कह दिया। उन्होंने अपने संन्यास की जानकारी सोशल मीडिया पर पोस्ट करके दी। उनका आईपीएल में भी शानदार प्रदर्शन रहा था।

Image

ऋषि धवन। (फोटो- IPL Twitter)

Photo : Twitter

Rishi Dhawan Retirement: हिमाचल प्रदेश के स्टार ऑलराउंडर और भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके ऋषि धवन ने सीमित ओवर के क्रिकेट से संन्यास लेने का एलान किया है। वर्तमान में विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी में हिमाचल प्रदेश की कप्तानी कर रहे ऋषि ने यह घोषणा अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के ज़रिये की। उन्होंने लिखा कि यह फ़ैसला भारी मन से लिया गया है, लेकिन उन्हें अपने करियर पर गर्व है और कोई पछतावा नहीं है।

ऋषि ने अपने पोस्ट में यह भी लिखा है कि यह संन्यास सिर्फ सीमित ओवर के क्रिकेट से है। इसका मतलब है कि वह खेल के सबसे बड़े प्रारूप में खेलना जारी रखेंगे। रणजी ट्रॉफी के बाकी बचे दो मुकाबले में उनके हिस्सा लेने की उम्मीद है।

ऋषि ने भारत के लिए तीन वनडे और एक टी20 मैच खेला है। उन्होंने जनवरी 2016 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था। उसी साल ज़िम्बाब्वे के खिलाफ अपना पहला और एकमात्र टी20 मैच खेला। हालांकि उनका अंतर्राष्ट्रीय करियर लंबा नहीं चला, लेकिन घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में उनका प्रदर्शन शानदार रहा।

अपने संन्यास की घोषणा करते हुए ऋषि ने इंस्टाग्राम पर लिखा, " भारी मन से लेकिन बिना किसी पछतावे के, मैं भारतीय क्रिकेट (सीमित ओवर) से अपने संन्यास की घोषणा करता हूं। यह एक ऐसा खेल है जिसने पिछले 20 वर्षों से मेरी ज़िंदगी को परिभाषित किया है। इस खेल ने मुझे अपार खुशी और अनगिनत यादें दी हैं, जो हमेशा मेरे दिल के बहुत क़रीब रहेंगी।

"मैं इस अवसर पर बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड), हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए ), पंजाब किंग्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा मुझे दिए गए मौक़ों के लिए आभार व्यक्त करना चाहता हूं।साधारण शुरुआत से लेकर अपने देश के सबसे बड़े मंचों पर प्रतिनिधित्व करने तक, यह मेरे लिए एक असाधारण सम्मान रहा है।"

घरेलू क्रिकेट में ऋषि का प्रदर्शन काफ़ी प्रभावशाली रहा। बीते विजय हज़ारे ट्रॉफ़ी में उन्होंने एक अर्धशतक की मदद से 196 रन बनाए और आठ विकेट भी लिए। लिस्ट ए क्रिकेट में ऋषि ने 38.23 की औसत से 2906 रन बनाये और 186 विकेट लिए हैं। वहीं टी20 क्रिकेट में उन्होंने 30 की औसत से 1740 रन और 118 विकेट अपने नाम किए।

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article