क्रिकेट

IND vs ENG: भारत के बैटिंग कोच ने दी ऐसी खबर, उड़ी अंग्रेजों की नींद

IND vs ENG: भारत के बल्लेबाजी कोच सिंताशु कोटक ने चौथे दिन के खेल खत्म होने के बाद प्रेस कान्फ्रेंस में कुछ ऐसा कहा जिसने अंग्रेजों की नींद उड़ा दी होगी। चौथे दिन का आखिरी दो सेशन पूरी तरह से भारत के नाम रहा जिसमें टीम इंडिया ने एक भी विकेट नहीं गंवाया।

Image

ऋषभ पंत (साभार-icc)

IND vs ENG: भारत ने शुरूआती झटकों से उबरते हुए कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल के नाबाद अर्धशतकों की मदद से भारत की उम्मीद जगा दी है। भारत की दूसरी पारी की शुरुआत बेहद खराब रही थी जब उसने साई सुदर्शन और यशस्वी जायसवाल का विकेट गंवा दिया था और बोर्ड पर रन का खाता भी नहीं खुला था, लेकिन दूसरे और तीसरे सेशन में भारतीय टीम ने एक भी विकेट नहीं गंवाया। नतीजा चौथे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 2 विकेट के नुकसान पर 174 रन बना लिए। गिल 78 और राहुल 87 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 174 रन की अटूट साझेदारी कर ली है।

ऐसे मे भारत के पास ड्रॉ करने का सुनहरा मौका है, क्योंकि यहां से भारतीय टीम के जीतने के सारे रास्ते बंद हैं। इससे पहले इंग्लैंड ने पहली पारी में 669 रन बनाकर 311 रन की विशाल बढ़त हासिल की थी। भारतीय टीम अभी इंग्लैंड से 137 रन से पीछे है। लेकिन चौथे दिन के खेल खत्म होने के बाद टीम इंडिया को एक और गुड न्यूज मिली जब बल्लेबाजी कोच सिंताशु कोटक ने ऋषभ पंत की इंजरी को लेकर अपडेट दिया।

पंत के खेलने पर सिंताशु कोटक का जवाब

चौथे दिन के खेल के बाद टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच सिंताशु कोटक ने ऋषभ पंत को लेकर बड़ी अपडेट दी। उन्होंने कहा कि पंत 5वें दिन बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध रहेंगे। आपको बता दें कि पंत पहली पारी में चोटिल होने के बाद भी बल्लेबाजी करने उतरे थे और उन्होंने अर्धशतक लगाया था। पंत जब 37 रन के स्कोर पर खेल रहे थे तो क्रिस वोक्स की एक गेंद उनके पैर में जा लगी थी जिसके बाद वह मैदान से बाहर चले गए थे। बाद में रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि फ्रैक्चर है, इसके बावजूद पंत ने हिम्मत दिखाई और बल्लेबाजी करने उतरे। पंत ने 75 गेंद में 54 रन की पारी खेली और भारत को 350 रन के पार पहुंचाने में अहम रोल निभाया।

5वें दिन की रणनीति पर क्या बोले कोटक

भारत, इंग्लैंड की पहली पारी के आधार पर अब भी 137 रन दूर है और उसके 8 विकेट सुरक्षित हैं। 5वें दिन की रणनीति पर बैटिंग कोच सिंताशु कोटक ने कहा 'पांचवें दिन पिच पर थोड़ी दरारें होंगी, इसके अलावा कुछ खास नहीं होगा। आज और कल हमें हर घंटे और हर सेशन को अलग-अलग देखना होगा। हम इसी रणनीति के साथ आखिरी दिन भी खेलेंगे। कोटक ने राहुल और गिल के बारे में कहा दोनों ने विश्वास और संकल्प दिखाया है। जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाज़ी की, वह वाकई शानदार है। राहुल पूरी सीरीज के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन करते रहे हैं।

करुण नायर बाहर करने पर क्या बोले कोटक

इस मुकाबले में करुण नायर को मौका नहीं मिला था। इसको लेकर जब उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कहा कि यह फैसला कोच गंभीर और कप्तान गिल का है। जब गिल ने कहा कि हम करुण का समर्थन करेंगे, तो उनका मतलब था कि हम उन्हें एक बल्लेबाज़ के तौर पर समर्थन देंगे। उन्होंने खराब प्रदर्शन नहीं किया और अच्छी शुरुआत की थी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article