मैनचेस्टर: इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले जा रहे सीरीज के चौथे टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय टीम के चायकाल के बाद करारा झटका लगा। टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत 37(48) रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। पारी के 68वें ओवर की चौथी गेंद सीधे उनके पंजे पर जा लगी। गेंदबाजी क्रिस वोक्स कर रहे थे और पंत गेंद के लगते ही दर्द से छटपटाने लगे। टीम इंडिया के फीजियो उनकी चोट का हाल जानने मैदान पर पहुंचे और जूता उतारकर देखा तो दाहिने हाथ की छोटी उंगली से खून निकल रहा था और पैर सूज गया था।
रिटायर्ड हर्ट होने का किया फैसला
चोट इतनी गंभीर थी की दर्द का अहसास पंत के चेहरे के भाव से लगाया जा सकता था। पंत चल भी नहीं पा रहे थे ऐसे में उन्होंने मैदान छोड़ने का फैसला किया और रिटायर्ड हर्ट हो गए। उसक वक्त टीम का स्कोर 67.4 ओवर में 3 विकेट पर 212 रन था। पंत की हालत इतनी खराब थी कि उन्हें मैदान पर उपलब्ध एंबुलेंस के जरिए पवेलियन तक ले जाना पड़ा। पंत के रिटायर्ड हर्ट होने के बाद बल्लेबाजी करने रवींद्र जडेजा उतरे। अपनी 37 रन की पारी के दौरान पंत ने 2 चौके और एक छक्का जड़ा। पंत ने इस दौरान इंग्लैंड की धरती पर एक हजार रन भी पूरे कर लिए।

चोटिल ऋषभ पंत (फोटो क्रेडिट AP)
जुरेल कर सकते हैं विकेटकीपिंग
ऋषभ पंत की चोट को लेकर बीसीसीआई की ओर से फिलहाल कोई अपडेट जारी नहीं किया गया है। चोट कितनी गंभीर है इसका आकलन करने के बाद बीसीसीआई मेडिकल अपडेट जारी करेगा। हालांकि फील्डिंग के दौरान ध्रुव जुरेल विकेटकीपिंग कर सकते हैं। पिछले मैच में पंत को विकेटकीपिंग करते हुए इन्डेक्स फिंगर में चोट लगी थी। इसके बाद वो विकेटकीपिंग नहीं कर पाए। लगातार दूसरे मैच में पंत चोटिल हो गए हैं।
