क्रिकेट

LSG vs CSK: आईपीएल 2025 में शुरू हो गई पंतगिरी, चेन्नई के खिलाफ जड़ा सीजन का पहला अर्धशतक

LSG vs CSK: ऋषभ पंत ने आईपीएल 2025 सीजन का पहला अर्धशतक जड़ दिया। रनों के लिए तरस रहे पंत का बल्ला आखिरकार चेन्नई के खिलाफ मैच में चला। उन्होंने छक्का मारकर सीजन का पहला अर्धशतक जड़ा। उनकी यह पारी तब आई जब पूरन और मार्श सस्ते में आउट हो गए थे।

Image

ऋषभ पंत (साभार-IPL)

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ इकाना में आखिरकार ऋषभ पंत का बल्ला चल पड़ा। एक-एक रन के लिए तरस रहे पंत का बल्ला उस वक्त चला जब इसकी जरुरत लखनऊ को सबसे ज्यादा थी। अब तक हर मुकाबले में रन बना रहे टॉप थ्री बल्लेबाज सस्ते में आउट हो गए थे। पंत पर अपनी टीम का वापसी कराने की जिम्मेदारी थी और उन्होंने बाखूबी इसे अंजाम दिया।।

जड़ दिया सीजन का पहला अर्धशतक

ऋषभ पंत ने इस मुकाबले में सीजन का पहला अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के की मदद से 42 गेंद में अपना अर्धशतक जड़ा। यह आईपीएल में उनका 19वां अर्धशतक है। अब तक खेले गए 6 मैच की 5 पारी में पंत ने 8 की मामूली औसत और 80 की स्ट्राइक रेट से केवल 40 रन बनाए थे। लेकिन चेन्नई के खिलाफ इस मैच में पंत पूरी जिम्मेदारी से खेलते हुए नजर आए और अपनी टीम को मुश्किल से निकाल लिया।

चेन्नई के खिलाफ पंत का बल्ला

चेन्नई के खिलाफ मैत में हमेशा पंत का बल्ला चला है। एक बार फिर उन्होंने साबित कर दिया कि चेन्नई के गेंदबाज उन्हें रास आते हैं। चेन्नई के खिलाफ यह उनका चौथा अर्धशतक है। 12 पारी में उन्होंने चेन्नई के खिलाफ 48 की औसत और 150 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 438 रन बनाए हैं। इस पारी में वह स्पिन गेंदबाज के खिलाफ संघर्ष करते नजर आए, लेकिन पेसर के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी की।

मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की शुरुआत खराब रही और पहले ही ओवर में उसे इनफॉर्म एडेन मार्करम का विकेट गंवाना पड़ा। 23 रन के स्कोर पर निकोलस पूरन भी आउट हो गए थे, लेकिन दूसरे छोर पर पंत डंटे रहे। उन्होंने मार्श के साथ 50 और फिर बडोनी के साथ 32 रन की अहम साझेदारी की। पंत 49 गेंद में 63 रन की पारी खेलकर आउट हुए। उन्हें पथिराना ने धोनी के हाथों कैच करवाया। पंत की इस पारी के दम पर लखनऊ ने 7 विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article