क्रिकेट

रिकी पॉन्टिंग ने जताई टीम इंडिया में श्रेयस अय्यर की जगह को लेकर हैरानी

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पॉन्टिंग ने श्रेयस अय्यर को साल 2023 के विश्व कप में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद टीम से बाहर किए जाने पर हैरानी जताई है।

Image

श्रेयस अय्यर

Photo : AP

कटक: ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज रिकी पॉन्टिंग को यह बात हैरानी भरी लगती है कि श्रेयस अय्यर को भारत की व्हाइट बॉल टीम में स्थायी स्थान नहीं दिया गया है जबकि वह अपनी शानदार फॉर्म और उपमहाद्वीप की धीमी पिचों पर स्पिनरों पर हावी होने की काबिलियत रखते हैं। अय्यर 2023 में 50 ओवर के विश्व कप में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले खिलाड़ियों में से एक थे। मध्यक्रम के इस बल्लेबाज ने 530 रन बनाए और वैश्विक आयोजन में सातवें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने बृहस्पतिवार को नागपुर में इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में 36 गेंद में 59 रन बनाकर इस प्रारूप में अपनी काबिलियत का सबूत दिया। घरेलू क्रिकेट में भी 30 वर्षीय अय्यर इस सत्र में शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई के लिए दो शतक जड़े।

पिछले कुछ सालों से टीम से क्यों बाहर हैं अय्यर

पॉन्टिंग ने 'आईसीसी रिव्यू' में कहा, 'मैं थोड़ा हैरान हूं कि वह पिछले कुछ साल से भारतीय टीम से बाहर हैं। उन्होंने भारत में (2023) शानदार विश्व कप खेला जिसमें उन्होंने मध्यक्रम में शानदार प्रदर्शन किया था। मुझे तब लगा था कि उन्होंने वह स्थान लगभग पक्का कर लिया है। हालांकि फिर उन्हें कुछ चोट लग गई। पीठ की चोट से वह टीम से बाहर हो गए। लेकिन इस साल उनका घरेलू सत्र शानदार रहा है।'

अय्यर करेंगे चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन

पॉन्टिंग को लगता है कि अय्यर 19 फरवरी से शुरू होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा,'हम जानते हैं कि वह धीमे विकेट पर स्पिन गेंदबाजी को कितना अच्छी तरह से खेलता है।'पंजाब किंग्स के कोच पोंटिंग ने आगामी आईपीएल सत्र के लिए अय्यर को 26.75 करोड़ रुपये में खरीदा है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article