क्रिकेट

ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने सचिन को बताया सर्वश्रेष्ठ, बोले-कोहली से तुलना अभी सही नहीं

  • Agency by: Agency
  • Updated Apr 23, 2023, 02:58 PM IST

ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफलतम कप्तानों में से एक रिकी पोंटिंग ने सचिन तेंदुलकर को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सचिन तकनीति रुप से दक्ष हैं और वह इस मामले में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं। विराट कोहली से उनकी तुलना करना अभी उचित नहीं है। सचिन सोमवार को अपना जन्मदिन मनाएंगे।

Image

सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली

Photo : Twitter

आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने सचिन तेंदुलकर को तकनीकी तौर पर सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज करार देते हुए कहा कि उनके पास गेंदबाजों से मिलने वाली हर चुनौती का जवाब होता था । पोंटिंग ने कहा कि विराट कोहली का अंतरराष्ट्रीय कैरियर खत्म होने के बाद ही तेंदुलकर से उनकी तूलना करना सही होगा ।

उन्होंने कहा ,‘मैं पहले भी कह चुका हूं कि तकनीक के मामले में सचिन सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं जिन्हें मैने देखा या जिनके साथ या जिनके खिलाफ खेला ।’

उन्होंने कहा ,‘गेंदबाजी ईकाई के रूप में हम जो भी रणनीति बनाते थे, उनके पास उसका जवाब होता था । चाहे भारत में हो या आस्ट्रेलिया में ।’

तेंदुलकर के 50वें जन्मदिन पर ‘आईसीसी रिव्यू्’ में उन्होंने कहा ,‘खिलाड़ियों की रैंकिंग करना या उनका आकलन करना कठिन होता है क्योंकि हर कोई अलग तरह से खेलता है । लेकिन मैने जिस दौर में खेला है, उसमें सचिन तकनीकी रूप से सर्वश्रेष्ठ था ।’

विराट कोहली का दौर अलग

तेंदुलकर और कोहली की तुलना के बारे में उन्होंने कहा ,‘सचिन के कैरियर के आखिरी दौर में विराट ने खेलना शुरू किया लेकिन अब खेल अलग है । अलग नियम है मसलन 50 ओवर के क्रिकेट में सर्कल के बाहर कम फील्डर होते हैं, दो नयी गेंद ली जाती है और अब बल्लेबाजी पहले से आसान हो गई है ।’

उन्होंने कहा कि तेंदुलकर के दौर में पुरानी गेंद को खेलना बहुत कठिन होता था क्योंकि उसे रिवर्स स्विंग मिलती थी ।

पोंटिंग ने कहा ,‘जब सचिन वनडे खेलता था तब 50 ओवर के बाद गेंद की शक्ल बदल जाती थी । उसे रिवर्स स्विंग मिलती थी जो आज देखने को नहीं मिलती ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ विराट बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी है । उसके नाम 70 से अधिक अंतरराष्ट्रीय शतक हैं । सचिन ने सौ शतक बनाये हैं । विराट का कैरियर खत्म होने के बाद दोनों की तुलना करना सही रहेगा ।’

पोंटिंग ने कहा ,‘मैं खिलाड़ी की काबिलियत का आकलन इस आधार पर करता हूं कि वह कितने साल खेल सका । यह सही तरीका इसलिये है क्योंकि इतने लंबे समय तक लगातार अच्छा खेलना आसान नहीं होता । कुछ खिलाड़ी आते हैं और तीन चार साल तक दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी लगते हैं लेकिन लंबे समय तक टिकना कठिन होता है और सचिन बीस साल से ज्यादा लगातार अच्छा खेला है ।’

End of Article