क्रिकेट

जो रूट ने तोड़ा पोंटिंग का रिकॉर्ड, सामने आई पंटर की पहली प्रतिक्रिया

मैनचस्टर टेस्ट का तीसरा दिन जो रूट के नाम रहा। उन्होंने 150 रन की पारी खेली और इंग्लैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। इस पारी के दम पर रूट ने रिकी पोंटिंग सहित, राहुल द्रविड़ और जैक कैलिस को रन बनाने के मामले में पीछे छोड़ दिया। रूट की इस उपलब्धि पर पंटर की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है।

Image

जो रूट (साभार-x)

शुक्रवार को मैनचेस्टर टेस्ट के तीसरे दिन जो रूट ने अपने टेस्ट करियर का 38वां शतक जड़ा। वह 248 गेंद में 150 रन की पारी खेलकर जडेजा का शिकार बने। हालांकि, उन्होंने इस पारी के दम पर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए, रूट टेस्ट क्रिकेट में रन बनाने के मामले में अब दूसरे नंबर पर पहुंच गए। रूट, राहुल द्रविड़, जैक्स कैलिस और रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए। जब रूट, रिकी पोंटिंग के 13378 रन के आंकड़े से आगे निकले तो खुद पंटर कांमेंट्री कर रहे थे। उन्होंने रूट को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

इस मौके पर पोंटिंग ने कहा 'टेस्ट में रन बनाने के मामले में नंबर दो पर पहुंचने के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं, जो रूट। ओल्ड ट्रैफर्ड में मौजूद सभी फैंस खड़े होकर उनका सम्मान कर रहे हैं। वे आज इतिहास के एक पल के गवाह बने हैं। अब वह नंबर वन पर आने से बस कुछ कदम दूर हैं। हालांकि, पिछले 4-5 सालों में वह जिस तरह के फॉर्म में हैं कोई कारण नहीं है कि वह ऐसा न कर पाएं।

रूट अब टेस्ट क्रिकेट के 148 साल पुराने इतिहास में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में सचिन तेंदुलकर से 2,513 रन पीछे हैं। अपने करियर में 200 टेस्ट खेलने वाले तेंदुलकर ने 51 शतक के दम पर 15,921 रन बनाए हैं और वह इस लिस्ट में टॉप पर हैं। रूट अब संयुक्त रूप से चौथे सबसे अधिक टेस्ट शतक बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं और 38 शतकों के साथ वह इस सूची में केवल पोंटिंग, कैलिस और तेंदुलकर से पीछे हैं।

पोंटिंग की बात करें तो उन्होंने 168 मैच खेल कर 51.85 की औसत और 41 शतकों के साथ 13378 रन बनाए हैं। कैलिस ने 166 मैचों में 55.37 की औसत से 45 शतकों के साथ 13289 रन बनाए। द्रविड़ ने 52.31 की औसत से 36 शतकों के साथ 13288 रन बनाए।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article