आईपीएल के चौथे दिन पिछले बार की फाइनलिस्ट टीम पंजाब किंग्स अपने अभियान की शुरुआत करने जा रही है। पंजाब किंग्स के सामने 2022 की विनर गुजरात टाइटंस होगी। इस मुकाबले से पहले पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पोटिंग ने अपनी टीम की तैयारियों और कप्तान अय्यर की मानसिकता पर बात की है। पोंटिंग ने कहा 'आईपीएल जीतने की श्रेयस अय्यर की ललक पहले से ज्यादा बढ़ गई है। वह 2026 सीजन में और भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए बेताब हैं।
पिछले साल टीम के कप्तान के तौर पर फ्रेंचाइजी से जुड़ने के बाद अय्यर की अगुवाई वाली पंजाब किंग्स ने लीग स्टेज में टॉप पर फिनिश करते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया, जहां उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
पोंटिंग ने पत्रकारों से कहा, ’’पिछले साल बल्ले से हमने उनका जैसा खेल देखा, वह शायद आईपीएल में उनके अब तक के सबसे बेहतरीन प्रदर्शनों में से एक था। मैं उनकी आंखों में देख सकता हूं कि अब खिताब जीतने की ललक पहले से कहीं ज्यादा है। ’’ उन्होंने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ अपने सत्र के पहले मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ’’पिछले साल एक नयी टीम के कप्तान के तौर पर जीत के इतने करीब पहुंचने के बाद वह निश्चित रूप से इस साल एक कदम और आगे बढ़ने के लिए बहुत उत्सुक हैं। ’’
आईपीएल में वह और अय्यर एक और फ्रेंचाइजी (दिल्ली कैपिटल्स) के साथ काम कर चुके है और उनका कहना है कि वे दोनों एक जैसा ही सोचते हैं।
पोंटिंग ने कहा, ’’हमने साथ में काफी काम किया है। हमने दिल्ली में शायद चार या पांच साल साथ बिताए होंगे। जब मुझे यह भूमिका मिली और मुझे पता चला कि श्रेयस मेगा नीलामी में जा रहे हैं तो मैंने यह सुनिश्चित किया कि मेरे पास नीलामी में उन्हें खरीदने के लिए पर्याप्त पैसे हों। ’’
उन्होंने कहा, ’’मैं श्रेयस के साथ दोबारा काम करने के लिए सचमुच बहुत उत्सुक था और पिछले साल हमारे लिए चीजें बहुत तेजी से आगे बढ़ीं। ’’पोंटिंग ने कहा, ’’खेल को लेकर हम दोनों के विचार और मंत्र बहुत मिलते-जुलते हैं। ऐसा अक्सर होता है कि हम दोनों के मन में एक ही विचार चल रहा होता है और जब हम मिलते हैं तो हम ठीक उसी चीज के बारे में सोच रहे होते हैं। ’’ उन्होंने कहा कि पंजाब किंग्स में ऑस्ट्रेलिया के कूपर कोनोली के शामिल होने से टीम को पिछले साल के मुकाबले कहीं ज्यादा लचीलापन मिला है। पोंटिंग ने कहा, ’’कूपर कोनोली जैसे खिलाड़ी के टीम में आने से हमें शीर्ष क्रम और मध्यक्रम में लचीलापन मिलता है। ’’
