क्रिकेट

रिकी पॉन्टिंग ने इस खिलाड़ी को बताया भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का उत्तराधिकारी

पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पॉन्टिंग ने भारतीय टी20 में कप्तान सूर्यकुमार यादव के उत्तराधिकारी के रूप में श्रेयस अय्यर का समर्थन किया है। जानिए पॉन्टिंग ने अय्यर के समर्थन में क्या तर्क दिए।

Image

श्रेयस अय्यर और रिकी पॉन्टिंग (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

नई दिल्ली: पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पॉन्टिंग का मानना है कि सूर्यकुमार यादव के बाद श्रेयस अय्यर टी20 प्रारूप में भारत के कप्तान बनने के मुख्य दावेदार हैं जो अभी अपने खेल के चरम पर हैं और पहले से कहीं अधिक परिपक्व हो गए हैं। सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने हाल में दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीता था लेकिन पिछले 12 महीनों में उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और वह मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज पॉन्टिंग ने पीटीआई को दिए साक्षात्कार में कहा,'सूर्यकुमार के बाद कप्तानी के लिए कई दावेदार हैं, लेकिन मेरा मानना है कि श्रेयस अय्यर मुख्य दावेदारों में से एक हैं। हमने टूर्नामेंट की शुरुआत में ही देख लिया था कि वह टी20 के कितने अच्छे खिलाड़ी हैं तथा मैदान पर और मैदान के बाहर दोनों में ही वह अभी किस तरह की स्थिति में हैं। वह पहले से कहीं अधिक परिपक्व हो गए हैं और इस समय अपने खेल के चरम पर हैं।'

श्रेयस भले ही अभी भारत की टी20 टीम का हिस्सा नहीं है लेकिन उन्हें खेल के सबसे छोटे प्रारूप का कप्तान बनने के लिए चर्चा चल रही है। आईपीएल के शुरुआती दौर में पंजाब किंग्स के शानदार प्रदर्शन के कारण इस तरह की चर्चा को बल मिला था। इसके बाद हालांकि उनकी टीम छह मैच हार गई। लेकिन एक कप्तान के रूप में श्रेयस का इस प्रारूप में रिकॉर्ड शानदार रहा है। उनकी अगुवाई में कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल का खिताब जीता था। इसके बाद वह पंजाब किंग्स से जुड़ गए और उनकी कप्तानी में यह टीम पिछले सत्र में 11 साल में पहली बार फाइनल में पहुंची थी। वह इस बार अब भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है।

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ करो या मरो के अंतिम लीग मैच से पहले पॉन्टिंग ने कहा कि श्रेयस और टीम वापसी करने में सफल रहेंगे। उन्होंने कहा,'व्यक्तिगत रूप से और टीम के रूप में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि वह हमारे आखिरी लीग मैच में शानदार वापसी करेगा। अगर वह अच्छा प्रदर्शन करता है और बड़ा स्कोर बनाता है, तो हमारे पास मैच जीतने का अच्छा मौका होगा।'

2000 के दशक की शुरुआत में अजेय ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान रहे पोंटंग ने कहा कि श्रेयस का भारतीय टी20 टीम का हिस्सा न होना आश्चर्यजनक है। उन्होंने कहा,'जब भी भारत टीम का चयन करता है और उसमें श्रेयस का नाम नहीं होता तो मुझे बहुत हैरानी होती है। आईपीएल में उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए मुझे पूरा विश्वास है कि चयनकर्ता न सिर्फ टीम में उनको शामिल करने बल्कि कप्तानी के लिए भी उनके नाम पर जरूर चर्चा करेंगे।'

पॉन्टिंग ने कहा,'भारतीय क्रिकेट की खासियत यह है कि आप यूं ही टीम में वापसी नहीं कर सकते। आपको ढेर सारे रन बनाने होते हैं और वो भी एक खास तरीके से। उनका अब तक का प्रदर्शन बहुत प्रभावशाली रहा है और उनकी कप्तानी शानदार रही है। वह अभी अपने करियर के उस मोड़ पर खड़े हैं जहां अगर उन्हें कप्तानी का मौका मिलता है तो मुझे लगता है कि वह इसका भरपूर फायदा उठाएंगे।'

पंजाब किंग्स का प्रदर्शन लगातार गिरता जा रहा है और सोशल मीडिया पर भी इसकी काफी आलोचना हो रही है लेकिन पॉन्टिंग ने कहा कि नकारात्मक चर्चा ड्रेसिंग रूम तक नहीं पहुंची है। उन्होंने कहा,'एक कोच के तौर पर मुझे मैदान से बाहर की किसी भी बात की चिंता नहीं होती है। हमने एक टीम के रूप में हर चीज को उसी तरह संभाला है जैसे हमें संभालना चाहिए था। बाहर क्या हो रहा है इसका हम पर कोई असर नहीं पड़ता है। हम जानते हैं कि मैच जीतने के लिए क्या करना है और हम इस दिशा में आगे बढ़ते हैं। अगर हम क्वालीफाई कर लेते हैं तो हमारे बारे में जो भी नकारात्मक बातें की जा रही हैं वह समाप्त हो जाएंगी।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article