क्रिकेट

RCB vs SRH Pitch Report: बैंगलोर और हैदराबाद के बीच आज के मैच की पिच रिपोर्ट

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Apr 25, 2024, 04:16 PM IST

IPL 2024, RCB vs SRH Pitch Report Today Match: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में आज 41वां मुकाबला खेला जाना है। इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टक्कर सनराइजर्स हैदराबाद से होगी। आईपीएल 2024 का ये मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। यहां हम जानेंगे इस मैच में कैसी होगी पिच रिपोर्ट, क्या कहते हैं हैदराबाद के मैदान के आंकड़े और कब-कब हैदराबाद में टकराई हैं ये दोनों टीमें।

Image

बैंगलोर-हैदराबाद मैच की पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2024 में आज खेला जाएगा 41वां मुकाबला
  • रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच भिड़ंत
  • मैच हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा

IPL 2024, RCB vs SRH Pitch Report Today Match: आईपीएल 2024 अब दूसरे चरण (Second Leg) में प्रवेश कर चुका है जहां सभी टीमें एक-दूसरे से दोबारा खेल रही हैं। अब मैदान की अदला-बदली हो रही है। इसी कड़ी में आज (25 April 2024) रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (Royal Challengers Bangalore) की टीम सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) से उसके घर में मैच खेलने उतरेगी। इससे पहले बेंगलुरू में हुए पहले चरण के मुकाबले में रिकॉर्ड रन बरसे थे और हैदराबाद की टीम ने आरसीबी को उन्हीं के घर में शिकस्त दे दी थी। आज बैंगलोर की टीम के पास हिसाब बराबर करने का मौका होगा जब वे हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में मेजबान टीम को चुनौती देंगे।

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मेजबान सनराइजर्स हैदराबाद के बीच इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले आपको बताते हैं कि इन दोनों टीमों का अब तक टूर्नामेंट में प्रदर्शन कैसा रहा है। बैंगलोर टीम की बात करें तो ये सीजन उनके लिए अब तक बेहद बुरा साबित हुआ है। वे 8 मैचों में 7 हार के बाद अंक तालिका (IPL 2024 Points Table) में आखिरी स्थान पर मौजूद हैं और प्लेऑफ में जाने की उनकी उम्मीदें अब ना के बराबर नजर आ रही हैं। वहीं दूसरी तरफ हैं रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड स्कोर बनाती जा रही सनराइजर्स हैदराबाद की टीम जिसने अब तक खेले अपने 7 मैचों में 5 मैच जीते हैं और और 2 मैच गंवाए हैं। वे 10 अंकों के साथ अंक तालिका में तीसरे पायदान पर हैं। आज इन दोनों टीमों के कई स्टार्स पर फैंस की निगाहें टिकी होंगी। बैंगलोर के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) एक बार फिर साबित करना चाहेंगे कि वो रन मशीन हैं। वहीं कैमरन ग्रीन (Cameron Green), विल जैक्स (Will Jacks) और फिनिशर दिनेश कार्तिक (Dinesh Karthik) से उम्मीदें रहेंगी। उधर, सनराइजर्स हैदराबाद में हेनरिच क्लासेन (Heinrich Klaasen), अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma), टी नटराजन (T Natarajan) और नीतीश रेड्डी (Nitish Reddy) पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी।

बैंगलोर-हैदराबाद मैच पिच रिपोर्ट (RCB vs SRH Pitch Report Today Match)

आज रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाला मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। इस मैदान की पिच अब तक सपाट देखी गई है जहां दोनों ही पारियों में रनों की खूब बारिश हुई है। अब तक इस ग्राउंड पर सिर्फ दो ही मुकाबले खेले गए हैं और दोनों ही मैचों में बल्लेबाजों को ही फायदा हुआ। इसमें पहला मैच तो रनों के मामले में तमाम रिकॉर्ड बना गया जहां हैदराबाद ने 277 रन बनाए और मुंबई इंडियंस 246 रन बनाने के बाद 31 रन से हारी। वहीं दूसरे मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने 165 रन बनाए और हैदराबाद की टीम ने 18.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। तो यकीन मानिए कि इस पिच पर फिर से रिकॉर्डतोड़ रन बरसेंगे और बल्लेबाज गरजेंगे। एक भी पारी में गेंदबाज यहां अब तक पारी को समेट नहीं सके हैं। गेंदबाजों में यहां तेज गेंदबाजों को कुछ फायदा मिलता देखा जा सकता है।

इस मैदान पर बैंगलोर और हैदराबाद के आंकड़े (RCB and SRH Stats At Hyderabad)

हैदराबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मेजबान सनराइजर्स हैदराबाद टीम का 8 बार आमना-सामना हो चुका है। इन आठ मुकाबलों में 6 मैच मेजबान हैदराबाद की टीम ने जीते, तो बैंगलोर की टीम सिर्फ दो बार यहां हैदराबाद को हरा सकी है। आखिरी बार इस ग्राउंड पर बैंगलोर-हैदराबाद मैच पिछले साल हुआ था, जिसमें हैदराबाद की टीम ने बैंगलोर 187 रनों का लक्ष्य दिया था और जवाब में बैंगलोर की टीम ने 19.2 ओवर में सिर्फ 2 विकेट गंवाते हुए आसानी से लक्ष्य हासिल करते हुए 8 विकेट से जीत दर्ज की थी। उस मैच में हैदराबाद के हेनरिच क्लासेन ने 104 रन बनाए थे, लेकिन जवाब में विराट कोहली ने 100 रन बनाकर करारा जवाब दिया था।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article