क्रिकेट

हैदराबाद के खिलाफ काली पट्टी बांधकर उतरेंगे रॉयल के प्लेयर, ये है कारण

आईपीएल 2026 का आगाज आज से होने जा रहा है। पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाड़ी ब्लैक आर्मबैंड पहनकर उतरेंगे।

Image

हैदराबाद और बेंगलुरु (साभार-x)

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम जब शनिवार को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ ओपनिंग मैच में उतरेगी तो इस दौरान खिलाड़ियों की बांह पर काली पट्टी बंधी होगी। ऐसा उन फैंस को श्रद्धांजलि देने के लिए किया जाएगा जो पिछले 4 जून को विक्ट्री परेड के दौरान हुई भगदड़ में जान गंवा बैठे थे। मैच से पहले ही आरसीबी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, "रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 4 जून को हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपनी जान गंवाने वाले आरसीबी परिवार के ग्यारह सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करेगा।"

"सम्मान के प्रतीक के रूप में, खिलाड़ी वार्म-अप के दौरान 11 नंबर वाली जर्सी पहनेंगे, और मैच के दौरान काली पट्टी बांधेंगे। इतना ही नहीं अपने फैंस के सम्मान में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में ग्यारह सीटें खाली रखी जाएंगी। पिछले साल विक्ट्री परेड के दौरान स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद यहां आईसीसी महिला वनडे विश्व कप और राज्य की केएससीए महाराजा ट्रॉफी लीग सहित कई बड़े टूर्नामेंटों को सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर दूसरे स्थानों पर स्थानांतरित किया गया। इसके अलावा, इस साल स्टेडियम में कोई टी20 विश्व कप मैच नहीं खेला गया।

इसके बाद इस मैदान पर क्रिकेट की दोबारा वापसी मुश्किल थी, लेकिन कर्नाटक सरकार और कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन के सामूहिक प्रयास से इस असंभव से दिख रहे टास्क को संभव बनाया गया। सरकार द्वारा नियुक्त एक विशेषज्ञ समिति की सिफारिश के बाद, कर्नाटक कैबिनेट ने फरवरी में ही इस मैदान पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच आयोजित करने की मंजूरी दे दी थी। इसके बाद आरसीबी के फैंस में खुशी की लहर है। आरसीबी इस सीजन 5 मैच अपने होम ग्राउंड पर खेलेगी। आरसीबी के पास मुंबई और चेन्नई के बाद तीसरी टीम बनने का मौका है। अब तक केवल दो टीम ही ट्रॉफी डिफेंड कर पाई है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article