RCB New Name: आईपीएल 2024 से पहले स्टार बल्लेबाजों से सजी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर यानी आरसीबी ने अपना नाम बदल दिया। IPL के इस नए सीजन में टीम का नाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू हो गया। आरसीबी की ओर एमचिन्ना स्वामी क्रिकेट स्टेडियम में आरसीबी अनबॉक्स इवेंट हुआ। इस इवेंट में आरसीबी की तरफ से न केवल नई जर्सी लांच की बल्कि अपने नाम में भी बदलाव किया।
आरसीबी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा ' वह शहर जिसे हम प्यार करते हैं, वह विरासत जिसे हम अपनाते हैं, और यह हमारे नए अध्याय का समय है। पेश है आपके सामने, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, आपकी टीम, आपकी आरसीबी! इसके अलावा आरसीबी की नई जर्सी में भी बहुत कुछ नया है। आरसीबी की नई जर्सी में लाल के साथ नीले रंग की एंट्री हुई है। आरसीबी अपनी थीम प्ले बोल्ड के साथ नए कवच के साथ तैयार हैं। आपके लिए पेश है, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की 2024 की नई जर्सी।
क्या नाम बदलने से बदलेगी किस्मत
IPL इतिहास में आरसीबी, दिल्ली कैपिटल्स (DC) और पंजाब किंग्स (PBKS) तीन ऐसी टीम है जो आज तक ट्रॉफी नहीं जीत पाई है। मजेदार बात यह है कि दिल्ली और पंजाब ने आरसीबी से पहले अपना नाम बदला था। डीसी पहले दिल्ली डेयरडेविल्स थी जबकि पीबीकेएस को पहले किंग्स इलेवन पंजाब नाम दिया गया था। आरसीबी 16 साल के इतिहास में 3 बार फाइनल तक पहुंची है, लेकिन आखिरी कदम पर टीम चूक गई। अभी हाल ही में इस फ्रेंचाइजी की टीम WPL में चैंपियन बनी थी। फाइनल में उसने दिल्ली कैपिटल्स को हराया था।
कब बदला था शहर का नाम?
जिन लोगों को पता नहीं है उनको बता दें कि कर्नाटक सरकार की मांग पर केंद्र सरकार ने आधिकारिक तौर पर 1 नवंबर 2014 को गार्डन सिटी का नाम बदलकर बैंगलोर से बेंगलुरु कर दिया गया था। अब 10 साल बाद टीम ने इस शहर को अपनाते हुए अपना नाम बदल दिया। आरसीबी इस सीजन नए जोश के साथ उतरने वाली है। ओपनिंग मैच में आरसीबी की टीम डिफेंडिंग चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स से होगा।
