बेंगलुरू: कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के आईपीएल 2024 के प्लेऑफ में एंट्री के बाद बाकी बचे दो स्थान के लिए तीन टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा चल रही है। ये तीन टीमें हैं सनराइजर्स हैदराबाद, चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर। सनराइजर्स हैदराबाद के खाते में 12 मैच में 7 जीत के साथ 14 अंक हैं। एक और मैच में जीत उसे प्लेऑफ का टिकट दिला देगी। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स के खाते में 13 मैच में 7 जीत के साथ 14 अंक हैं। आरसीबी के खाते में 13 मैच में 6 जीत और 7 हार के साथ 12 अंक हैं।
चेन्नई-आरसीबी के मुकाबले पर होगी सबकी नजर
ऐसे में पूरी दुनिया के क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें 18 मई को बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी और चेन्नई के बीच खेले जाने वाले मुकाबले पर गड़ी हुई हैं। ये मुकाबला चेन्नई और बेंगलोर दोनों के लिए करो या मरो का है। चेन्नई की टीम के खाते में हालांकि 14 अंक पहले से ही हैं। आरसीबी के खिलाफ जीत उसकी प्लेऑफ में जगह पक्की कर देगी।
इन शर्तों के साथ आरसीबी को देनी होगी चेन्नई को मात
लेकिन आरसीबी के लिए केवल जीत से प्लेऑफ के दरवाजे नहीं खुलेंगे। आरसीबी को चेन्नई सुपर किंग्स को कुछ शर्तों के साथ हराना होगा जिससे कि उसका नेट रन रेट चेन्नई से बेहतर हो जाए। ये शर्त है कि अगर आरसीबी मैच में पहले बल्लेबाजी करती है तो उसे चेन्नई को कम से कम 18 रन के अंतर से मात देनी होगी। यदि वो लक्ष्य का पीछा करती है तो उसे सीएसके को 10 गेंद शेष रहते उसे हासिल करना होगा। इन दोनों स्थितियों में आरसीबी की टीम प्लेऑफ में लगातार छठी जीत के बाद एंट्री कर लेगी और उसका नेट रन रेट भी सीएसके से 14 अंक के साथ बेहतर हो जाएगा।
18 मई को आरसीबी नहीं गंवाती है मैच
एक और बात आरसीबी के फेवर में है। वो यह कि 18 मई को आरसीबी ने आईपीएल में कोई मैच नहीं गंवाया है। इस तारीख को आरसीबी और सीएसके के बीच दो बार भिड़ंत हुई है और दोनों ही बार जीत आरसीबी को मिली है। ऐसे में आरसीबी के लिए चेन्नई के खिलाफ दो शर्तों के साथ जीत हासिल करने में मुश्किल नहीं पेश आएगी क्योंकि मुस्तफिजुर रहमान, मशीथा पथिराना के स्वदेश लौटने के बाद उनका गेंदबाजी आक्रमण कमजोर हो गया है।
