क्रिकेट

IPL 2025 Final: पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल फाइनल से पहले क्या बोले RCB कप्तान रजत पाटीदार

IPL 2025 Final: आईपीएल 2025 के फाइनल की पूर्व संध्या पर आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने विराट कोहली को लेकर प्रतिक्रिया दी है। आरसीबी 9 साल बाद आईपीएल के फाइनल में पहुंची है, जबकि पंजाब किंग्स की टीम 11 साल बाद फाइनल में जगह बनाने में कामयाब रही है।

Image

आईपीएल फाइनल 2025 बेंगलुरु और पंजाब (साभार-X)

IPL 2025 Final: आईपीएल 2025 का फाइनल मुकाबला 3 जून को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान रजत पाटीदार ने विराट कोहली को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा विराट कोहली ने अपने सीनियर क्रिकेट करियर के 18 साल टीम को दिए हैं और वह बखूबी जानते हैं कि देश के महान क्रिकेटरों में शुमार इस स्टार बल्लेबाज के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का खिताब जीतना कितना मायने रखता है।

आरसीबी ने इससे पहले 2009, 2011 और 2016 में तीन फाइनल खेले हैं जिसमें प्रत्येक में उसे हार का सामना करना पड़ा है। कोहली के शानदार प्रदर्शन के बावजूद टीम खिताब का सूखा खत्म नहीं कर पाई। सोमवार को पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ आईपीएल की पूर्व संध्या पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान यह पूछे जाने पर कि क्या ‘कोहली फैक्टर’ हावी रहेगा तो पाटीदार ने कहा, ‘‘बिलकुल। मुझे लगता है कि उन्होंने आरसीबी और अंतरराष्ट्रीय टीम को भी बहुत साल दिए हैं। हम फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे।’’

यह पूछने पर कि क्या सिर्फ एक ही खिलाड़ी पर ध्यान देना हताशाजनक है जबकि आरसीबी टूर्नामेंट की सबसे प्रभावशाली टीमों से एक है तो पाटीदार ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि यह मेरे लिए निराशाजनक है। ’’उन्होंने कहा, ‘‘हम इस बात पर ध्यान नहीं दे रहे हैं कि हम फाइनल में हैं। हम अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे। मैं हमेशा चीजों को सरल रखना पसंद करता हूं। ’’

‘कोहली फैक्टर’ निश्चित रूप से आरसीबी के लिए मजबूत पक्ष है जिसने हमेशा दर्शकों का समर्थन दिलाया है, भले ही टीम घरेलू मैदान से बाहर खेल रही हो और पाटीदार ने भी कहा कि इसकी बदौलत उन्हें महसूस होता है कि वे अपने घरेलू मैदान में ही खेल रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम जहां भी जाते हैं, पिछले कुछ वर्षों से दर्शकों के समर्थन और प्यार को देखकर हमें लगता है कि यह हमारे लिए घरेलू मैदान है। ’’

आरसीबी हालांकि ‘बिग हिटर’ टिम डेविड की उपलब्धता को लेकर चिंतित है जो ‘हैमस्ट्रिंग’ चोट के कारण पिछले दो मैच में नहीं खेले थे।

पाटीदार ने कहा, ‘‘अभी तक हमें टिम डेविड के बारे में नहीं पता है। डॉक्टर मौजूद हैं और हमें आज शाम ही पता चलेगा। ’’ पाटीदार के लिए खुद यह बड़ी चुनौती होगी क्योंकि उन्हें टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही आरसीबी का कप्तान नियुक्त किया गया था जबकि प्रतिद्वंद्वी टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर अपनी पूर्व फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को पिछले साल आईपीएल खिताब दिला चुके हैं।

आईपीएल इतिहास में अय्यर एकमात्र कप्तान हैं जो तीन विभिन्न फ्रेंचाइजी (दिल्ली कैपिटल्स, केकेआर और अब पंजाब किंग्स) को आईपीएल फाइनल में पहुंचा चुके हैं। पाटीदार ने कहा कि उनके लिए टीम के खिलाड़ियों के लिए अच्छा माहौल तैयार करना जरूरी होगा। उन्होंने कहा, ‘‘अब तक मैंने इसका आनंद दिया है। मुझे लगता है कि यह खेल के कुछ महान कप्तानों, खेल के कुछ महान खिलाड़ियों और खेल के महान विदेशी खिलाड़ियों से सीखने का अच्छा मौका है। मेरे लिए यह सीखने का अच्छा मौका है और उनकी अलग सोच मुझे कप्तानी में मेरी काफी मदद कर रही है। ’’

पाटीदार ने कहा, ‘‘मैंने हमेशा प्रत्येक खिलाड़ी के लिए मैदान के अंदर और बाहर अच्छा माहौल तैयार करने की कोशिश है, भले ही वो घरेलू खिलाड़ी हो या फिर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, सभी समान हैं। उन्हें ‘रिलैक्स’ और आत्मविश्वास से भरा महसूस होना चाहिए। मुझे लगता है कि यह मेरी सर्वश्रेष्ठ चीज है। ’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article